नई दिल्ली: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने सामाजिक सुरक्षा के दायरे से बाहर रह गए पात्र कर्मचारियों को जोड़ने के लिए बड़ा कदम उठाया है। श्रम मंत्रालय ने ‘कर्मचारी नामांकन अभियान 2026’ (EEC 2026) शुरू किया है, जिसके तहत नियोक्ताओं को अपने यहां काम कर रहे पात्र लेकिन EPF से वंचित कर्मचारियों का पंजीकरण कराने का विशेष अवसर दिया गया है।
यह अभियान 29 जून 2026 से शुरू होकर 31 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक कर्मचारियों को भविष्य निधि (PF), पेंशन और जीवन बीमा जैसी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ना है।
किन कर्मचारियों को मिलेगा लाभ?
इस अभियान के तहत उन पात्र कर्मचारियों को EPFO से जोड़ने का मौका मिलेगा, जो 1 अप्रैल 2009 से 31 मार्च 2026 के बीच किसी कारण से EPF लाभ से वंचित रह गए थे।
हालांकि, योजना का लाभ लेने के लिए यह जरूरी है कि संबंधित कर्मचारी अभियान की घोषणा के समय जीवित हो और उसी संस्थान में सक्रिय रूप से कार्यरत हो।
नियोक्ताओं को पुरानी गलती सुधारने का मौका
अभियान के तहत नियोक्ताओं को पुराने रिकॉर्ड दुरुस्त करने के लिए विशेष राहत देने की व्यवस्था की गई है। यदि किसी कर्मचारी की सैलरी से पहले PF अंशदान नहीं काटा गया था, तो योजना के तहत कर्मचारी के हिस्से के पुराने योगदान को लेकर राहत दी जाएगी।
इसका उद्देश्य कंपनियों और नियोक्ताओं पर अचानक बड़ा वित्तीय बोझ डाले बिना उन्हें स्वेच्छा से पात्र कर्मचारियों का EPFO में पंजीकरण कराने के लिए प्रोत्साहित करना है।
UMANG ऐप से होगा फेस ऑथेंटिकेशन
नामांकन प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल बनाया गया है। नियोक्ता UMANG ऐप के माध्यम से कर्मचारियों का चेहरा प्रमाणीकरण कर उनका यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN) जनरेट कर सकेंगे।
इसके बाद छूटे हुए कर्मचारियों का विवरण और PF से संबंधित राशि इलेक्ट्रॉनिक चालान-कम-रिटर्न (ECR) पोर्टल के जरिए जमा करानी होगी।
कंपनियों से रिकॉर्ड जांचने की अपील
श्रम मंत्रालय ने सभी नियोक्ताओं और व्यावसायिक संस्थानों से पुराने वेतन और रोजगार रिकॉर्ड की जांच करने की अपील की है। मंत्रालय ने कहा है कि कंपनियां 31 अक्टूबर 2026 से पहले इस विशेष अवसर का लाभ उठाकर पात्र कर्मचारियों को सामाजिक सुरक्षा के दायरे में शामिल कराएं।

