Sunday, November 15, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsगुना में केमिकल से भरा टैंकर पलटा, ग्रामीण खाद्य तेल समझकर भरने...

गुना में केमिकल से भरा टैंकर पलटा, ग्रामीण खाद्य तेल समझकर भरने पहुंचे

गुना: गुना जिले के चाचौड़ा-बीनागंज क्षेत्र में टोड़ी रोड पर पेंची के पास केमिकल से भरा टैंकर पलटने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। टैंकर से सड़क पर बह रहे पदार्थ को ग्रामीणों ने खाद्य तेल समझ लिया और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग बर्तन, बाल्टी, कैन, डिब्बे और पॉलीथिन लेकर मौके पर पहुंच गए।

ग्रामीण टैंकर से बह रहे पदार्थ को भरकर अपने घर ले जाने लगे। लोगों की भीड़ जुट गई और इसे लेकर काफी देर तक होड़ की स्थिति बनी रही। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है।

पुलिस के सामने भी पदार्थ भरने की होड़

टैंकर पलटने की सूचना मिलने के बाद बीनागंज पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को वहां से हटाने और सड़क पर फैले पदार्थ को भरने से रोकने का प्रयास किया। हालांकि, भीड़ में शामिल लोग पुलिस के सामने भी बर्तन और डिब्बों में पदार्थ भरते रहे।

काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित किया और मौके पर सुरक्षा व्यवस्था संभाली। पुलिस के अनुसार, टैंकर पलटने के कारणों की जांच की जा रही है।

ये भी पढ़े  14वीं JPSC प्रारंभिक परीक्षा में कथित अनियमितताओं पर सुप्रीम कोर्ट में आज सुनवाई

प्रशासन ने स्पष्ट किया- यह खाद्य तेल नहीं है

ग्रामीणों के पदार्थ को खाद्य तेल समझकर घर ले जाने के बाद प्रशासन ने जनहित में महत्वपूर्ण चेतावनी जारी की। चाचौड़ा के अनुविभागीय अधिकारी और तहसीलदार मयंक खेमरिया ने स्पष्ट किया कि टैंकर से निकला पदार्थ खाद्य तेल नहीं है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि इस पदार्थ का इस्तेमाल किसी भी स्थिति में खाने-पीने या खाद्य पदार्थ बनाने में न करें। इसमें रासायनिक तत्व होने की संभावना जताई गई है।

सेवन से गंभीर स्वास्थ्य नुकसान की आशंका

प्रशासन के मुताबिक, यदि यह पदार्थ रासायनिक या इंडस्ट्रियल केमिकल से युक्त है तो इसके सेवन से गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। लोगों को उल्टी, दस्त, फूड पॉइजनिंग और विषाक्तता जैसी परेशानियां हो सकती हैं। इसके अलावा लिवर और किडनी पर भी गंभीर असर पड़ने की आशंका जताई गई है।

गांव-गांव मुनादी कराने के निर्देश

प्रशासन ने आसपास की ग्राम पंचायतों के सचिवों और रोजगार सहायकों को निर्देश दिए हैं कि गांवों में मुनादी कराकर लोगों को इस संबंध में जागरूक किया जाए। इसके अलावा व्हाट्सऐप ग्रुप और सोशल मीडिया के माध्यम से भी चेतावनी को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।

जिन घरों में लोग इस पदार्थ को लेकर गए हैं, वहां लोगों को इसे खाने या किसी खाद्य पदार्थ में इस्तेमाल न करने के लिए समझाने को कहा गया है।

प्रशासन की अपील- सेवन किया है तो तुरंत अस्पताल जाएं

तहसीलदार मयंक खेमरिया और थाना प्रभारी दिलीप राजौरिया ने लोगों से अपील की है कि इस पदार्थ का इस्तेमाल न करें और इसे सुरक्षित तरीके से नष्ट करें। यदि किसी व्यक्ति ने गलती से इसका सेवन कर लिया है और तबीयत बिगड़ती है तो उसे तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल ले जाने की सलाह दी गई है।

फिलहाल घटना के बाद प्रशासन और पुलिस की ओर से लोगों को जागरूक किया जा रहा है। टैंकर से पदार्थ भरते ग्रामीणों का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन