नई दिल्ली: मानसून के दौरान देश में इन्फ्लुएंजा A यानी H1N1 (स्वाइन फ्लू) के मामलों में बढ़ोतरी के बीच इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) ने 26 अगस्त को पब्लिक हेल्थ एडवाइजरी जारी की है। IMA ने लोगों से सतर्क रहने, लेकिन घबराने से बचने की अपील की है।
IMA के अनुसार दिल्ली, महाराष्ट्र, कर्नाटक और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में H1N1 के मामले सामने आए हैं। दिल्ली में इस साल 1,770 से अधिक लैब-कन्फर्म्ड मामले दर्ज किए गए हैं। हालांकि ICMR के मुताबिक देश में फिलहाल H1N1 का कोई नया या असामान्य स्ट्रेन सामने नहीं आया है।
ये हैं सामान्य लक्षण
H1N1 संक्रमण की शुरुआत अचानक तेज बुखार और ठंड लगने से हो सकती है। इसके अलावा सूखी खांसी, गले में खराश, शरीर और मांसपेशियों में दर्द, थकान, सिरदर्द, नाक बहना या बंद होना जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। बच्चों में उल्टी, मतली या दस्त की शिकायत भी हो सकती है।
बिना डॉक्टर की सलाह न लें एंटीबायोटिक
IMA ने लोगों को बिना डॉक्टर की सलाह के एंटीबायोटिक लेने से बचने की सलाह दी है। H1N1 एक वायरल संक्रमण है, इसलिए एंटीबायोटिक वायरस पर असर नहीं करती। इसी तरह Oseltamivir जैसी एंटीवायरल दवाओं का इस्तेमाल भी डॉक्टर की सलाह और मरीज की स्थिति के अनुसार ही किया जाना चाहिए।
इन लक्षणों में तुरंत लें चिकित्सा सहायता
सांस लेने में परेशानी, सीने में दर्द, होंठ या उंगलियों का नीला पड़ना, खांसी में खून, अत्यधिक सुस्ती, भ्रम, दौरे या लगातार उल्टी जैसे लक्षण गंभीर स्थिति का संकेत हो सकते हैं। ऐसे मामलों में तुरंत अस्पताल या डॉक्टर से संपर्क करने की सलाह दी गई है।
बचाव के लिए बरतें सावधानी
IMA ने नियमित रूप से हाथ धोने, खांसते और छींकते समय मुंह-नाक ढकने तथा फ्लू जैसे लक्षण होने पर भीड़भाड़ वाली जगहों से बचने की सलाह दी है। गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों, स्वास्थ्यकर्मियों और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों को वार्षिक फ्लू वैक्सीन लेने की सलाह भी दी गई है।

