Sunday, November 15, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsबाढ़ ने नेपाल में मचाई तबाही: रसुवा में गांव-पुल और हाइड्रो प्रोजेक्ट...

बाढ़ ने नेपाल में मचाई तबाही: रसुवा में गांव-पुल और हाइड्रो प्रोजेक्ट बहे, 7 शव मिले

रसुवा: नेपाल के उत्तरी रसुवा जिले में बुधवार को भोटे कोशी नदी में अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी। तिब्बत सीमा के पास आई बाढ़ में अब तक सात लोगों के शव मिले हैं। तिमुरे और स्याब्रुबेसी समेत कई इलाकों में घर, वाहन, पुल और अन्य बुनियादी ढांचे पानी में बह गए। अधिकारियों के मुताबिक, बाढ़ का पानी तिब्बत की ओर से आया प्रतीत हो रहा है।

4 एपीएफ जवान और 14 कर्मचारी लापता

अचानक आई बाढ़ के बाद उत्तरी रसुवा की एक सीमा चौकी पर तैनात नेपाल के सशस्त्र पुलिस बल (एपीएफ) के चार जवान लापता हैं। स्थानीय मीडिया के अनुसार, रसुवा सीमा शुल्क कार्यालय के 14 कर्मचारी भी संपर्क से बाहर हैं। प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव अभियान जारी है।

17 की मौत; 384 लापता

भारी बारिश और बाढ़ से हालात गंभीर हो गए हैं। इस आपदा में अब तक 17 लोगों की मौत और 384 लोगों के लापता होने की जानकारी सामने आई है, जिनमें 105 भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। वहीं, तिब्बत में ग्लेशियर झील फटने की आशंका के चलते नदी क्षेत्रों में खतरा बढ़ गया है। नेपाल में बाढ़ और संभावित ग्लेशियर झील फटने की स्थिति को देखते हुए भारत में भी सतर्कता बढ़ाई गई है।

15 हाइड्रोपावर परियोजनाओं को नुकसान

नेपाल के स्वतंत्र बिजली उत्पादक संघ के मुताबिक, बाढ़ से 15 हाइड्रोपावर परियोजनाएं प्रभावित हुई हैं। इनमें 10 चालू और पांच निर्माणाधीन परियोजनाएं शामिल हैं। सीमा शुल्क परिसर में खड़े कई वाहन और वहां रखा सामान भी पानी में बह गया। हाल ही में बनाया गया एक पुल भी बाढ़ में नष्ट हो गया।

तिमुरे और स्याब्रुबेसी में सबसे ज्यादा तबाही

अधिकारियों को स्थानीय समयानुसार सुबह करीब नौ बजे नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने की जानकारी मिली। तिब्बत से लगे तिमुरे और स्याब्रुबेसी की सीमावर्ती बस्तियां सबसे ज्यादा प्रभावित हुई हैं। नेपाल सेना के मुताबिक, इन इलाकों में वाहन, व्यावसायिक सामान और अन्य संपत्ति बाढ़ में बह गई।

रसुवा के जिला प्रशासन के अधिकारी नरेंद्र परियार ने बताया कि गांवों और बुनियादी ढांचा परियोजना स्थलों के बहने की खबरें मिली हैं। उन्होंने भारी जानमाल के नुकसान की आशंका जताई, हालांकि नुकसान की पूरी तस्वीर अभी सामने नहीं आई है।

नदी किनारे रहने वालों को सतर्क रहने की चेतावनी

राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण और प्रबंधन प्राधिकरण ने रसुवा के अलावा नुवाकोट, धादिंग, चितवन और गोरखा जिलों में नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। प्राधिकरण ने जरूरत पड़ने पर लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा है।

प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का आकलन कर रही हैं। दुर्गम पहाड़ी इलाकों में संपर्क और पहुंच प्रभावित होने के कारण राहत कार्य में भी चुनौतियां सामने आ रही हैं।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन