भिंड: मध्य प्रदेश के भिंड जिले के मालनपुर औद्योगिक क्षेत्र में गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड की नई यूनिट का शुभारंभ हो गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 26 अगस्त को यूनिट का उद्घाटन किया। कंपनी ने इस परियोजना में 450 करोड़ रुपए से ज्यादा का निवेश किया है। नई यूनिट शुरू होने से क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर बनने की उम्मीद है।
हर मिनट बनेंगे 4 हजार साबुन
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि मालनपुर में स्थापित यह यूनिट एशिया के सबसे बड़े साबुन निर्माण संयंत्रों में शामिल होगी। यहां करीब 4 हजार साबुन प्रति मिनट तैयार किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार ने केवल निवेश के एमओयू नहीं किए, बल्कि उन्हें जमीन पर उतारने का काम किया है।
सीएम ने बताया कि दो महीने से भी कम समय में प्रदेश में यह तीसरी बड़ी औद्योगिक यूनिट शुरू हुई है। इससे पहले गुना में 1500 करोड़ रुपए का सीमेंट प्लांट और शिवपुरी में 3500 करोड़ रुपए की परियोजना शुरू हो चुकी है।
30 फीसदी से ज्यादा निवेश धरातल पर
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश में हुए निवेश समझौतों में से 30 फीसदी से ज्यादा निवेश जमीन पर उतर चुका है। अलग-अलग क्षेत्रों में 10 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा का निवेश मूर्त रूप ले रहा है। उन्होंने कहा कि चंबल क्षेत्र अब औद्योगिक निवेश और रोजगार के नए केंद्र के रूप में अपनी पहचान बना रहा है।
35 साल पुराना है गोदरेज का रिश्ता
गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स की एग्जीक्यूटिव चेयरपर्सन निसाबा गोदरेज ने बताया कि कंपनी का मालनपुर से रिश्ता करीब 35 साल पुराना है। वर्ष 1991 में यहां साबुन निर्माण की यूनिट शुरू की गई थी। नई यूनिट के विस्तार के साथ कंपनी की साबुन निर्माण क्षमता में भी बढ़ोतरी होगी।
कंपनी ने महिलाओं के रोजगार, कौशल विकास और नाइट शिफ्ट में काम के अवसर बढ़ाने की बात कही। साथ ही मलेरिया और मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए राज्य सरकार के साथ मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता जताई।

