इंदौर: रानीपुरा इलाके में सोमवार को नगर निगम की अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान विवाद की स्थिति बन गई। निगम की टीम दुकानों के बाहर बने अस्थायी ओटले और पार्टिशन हटाने पहुंची थी। कार्रवाई जैसे ही रानीपुरा से संजय सेतु ब्रिज की ओर बढ़ी, कुछ दुकानदारों ने इसका विरोध शुरू कर दिया।
विरोध के दौरान निगम अधिकारियों और दुकानदारों के बीच तीखी बहस हुई। मामला बढ़ने पर कुछ दुकानदारों ने सड़क पर उतरकर जाम लगाने की कोशिश की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और लोगों को सड़क से हटाकर यातायात सामान्य कराया।
60 से 70 दुकानों के बाहर कार्रवाई
नगर निगम की रिमूवल टीम सोमवार को तीन थानों के पुलिस बल के साथ रानीपुरा पहुंची। टीम ने इलाके में करीब 60 से 70 दुकानों के बाहर बनाए गए अस्थायी पार्टिशन और ओटले हटाए।
इसके अलावा फुटपाथ पर लगी करीब 8 से 10 गुमटियों को भी हटाया गया। कार्रवाई शुरू होते ही कुछ दुकानदारों ने विरोध किया, लेकिन टीम ने कार्रवाई जारी रखी।
निगम अधिकारी और दुकानदार आमने-सामने
कार्रवाई के दौरान रिमूवल अधिकारी बबलू कल्याणे और दुकानदारों के बीच कहासुनी हो गई। दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बहस होती रही।
विवाद बढ़ने के बाद कुछ दुकानदारों ने दुकानें बंद कराने और रानीपुरा रोड पर यातायात रोकने की कोशिश की। कुछ लोग सड़क के बीच खड़े होकर वाहनों को रोकने लगे।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
सड़क जाम की कोशिश की जानकारी मिलने के बाद ACP विनोद दीक्षित और रूबिना मिजवानी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने सड़क पर मौजूद दुकानदारों को किनारे किया और यातायात बहाल कराया।
इसके बाद नगर निगम की टीम ने दोबारा कार्रवाई शुरू की। रानीपुरा के बाद निगम का अमला जेल रोड क्षेत्र में भी पहुंचा और वहां दुकानों के बाहर बने अस्थायी निर्माण हटाए।
पहले कई बार दी गई थी चेतावनी
भवन अधिकारी अंकेश बिरथरिया ने बताया कि रानीपुरा शहर के मध्य क्षेत्र में आता है और यहां पीक आवर्स के दौरान काफी ट्रैफिक रहता है। सड़क और फुटपाथ पर अस्थायी निर्माण होने से यातायात प्रभावित हो रहा था।
उन्होंने बताया कि कार्रवाई से पहले कई बार मुनादी कराकर दुकानदारों को अस्थायी निर्माण हटाने और दुकान का सामान बाहर नहीं रखने की समझाइश दी गई थी। इसके बावजूद निर्माण नहीं हटाए जाने पर निगम की टीम ने कार्रवाई की।
दोबारा निर्माण करने पर कार्रवाई की चेतावनी
अधिकारी के मुताबिक दुकानों के बाहर बनाए गए पार्टिशन और ओटलों के कारण सड़क व फुटपाथ की जगह कम हो रही थी। इसी वजह से इन्हें हटाया गया।
उन्होंने कहा कि ये अस्थायी निर्माण थे, इसलिए इनके लिए अलग से नोटिस देने की आवश्यकता नहीं थी। दुकानदारों को एक बार फिर अनाउंसमेंट के जरिए चेतावनी दी गई है कि भविष्य में अस्थायी निर्माण न करें और दुकान के बाहर सामान रखकर रास्ता बाधित न करें। ऐसा करने पर दोबारा कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान तुकोगंज, सेंट्रल कोतवाली और एमजी रोड थाने का पुलिस बल मौके पर तैनात रहा।

