पंजाब: भारतीय क्रिकेट टीम में जगह नहीं मिलने के कुछ घंटे बाद ही विकेटकीपर-बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह ने अपने बल्ले से जोरदार जवाब दिया। अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज के लिए घोषित भारतीय टीम में प्रभसिमरन को जगह नहीं मिली। बीसीसीआई ने मंगलवार को टीम का ऐलान किया था जिसके बाद 1 सितंबर को शेर-ए-पंजाब टी20 लीग में जालंधर वॉरियर्स की ओर से खेलते हुए तूफानी पारी खेली।
265 रन के लक्ष्य का विस्फोटक पीछा
अमृतसर सूमर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 264/5 रन बनाए। नमन धीर ने 56 गेंदों पर 117 रन की शानदार पारी खेली, जबकि अभिषेक शर्मा ने 36 गेंदों में 82 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जालंधर वॉरियर्स ने इसे महज 16.5 ओवर में 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
47 गेंदों में 125 रन, 14 चौके और 8 छक्के
प्रभसिमरन ने सिर्फ 47 गेंदों में नाबाद 125 रन ठोके। उनकी पारी में 14 चौके और 8 छक्के शामिल रहे। उन्होंने महज 41 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। पावरप्ले में ही प्रभसिमरन ने 16 गेंदों पर अर्धशतक पूरा कर अपनी आक्रामक बल्लेबाजी का अंदाजा दे दिया था।
उनके साथ अनमोल मल्होत्रा ने 23 गेंदों पर नाबाद 53 रन बनाए। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए सिर्फ 35 गेंदों में 92 रन की साझेदारी की।
अफगानिस्तान सीरीज में नहीं मिली जगह
बीसीसीआई ने अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए 15 सदस्यीय टीम घोषित की है। श्रेयस अय्यर कप्तान और तिलक वर्मा उपकप्तान हैं, जबकि संजू सैमसन की टीम में वापसी हुई है। प्रभसिमरन इस टीम का हिस्सा नहीं हैं। सीरीज के मुकाबले 13, 15 और 17 सितंबर को दिल्ली में खेले जाएंगे।
प्रभसिमरन के इस शतक ने चयन से बाहर होने के तुरंत बाद उनकी फॉर्म और दावेदारी को फिर चर्चा में ला दिया है।

