आंध्र प्रदेश: रामलला मंदिर में चंदे से जुड़ी कथित अनियमितताओं का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि अब आंध्र प्रदेश के प्रसिद्ध तिरुपति बालाजी मंदिर से जुड़ा एक और बड़ा मामला सामने आया है। तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (TTD) के डिप्टी एग्जीक्यूटिव ऑफिसर मेंडु लोकनाथम के खिलाफ एंटी-करप्शन ब्यूरो (ACB) ने आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया है। कार्रवाई के दौरान उनके और उनके रिश्तेदारों से जुड़े ठिकानों पर तलाशी ली गई, जिसमें करोड़ों रुपये की कथित बेहिसाबी संपत्ति का पता चला।
रेड में सोना, चांदी और नकदी बरामद
ACB की कार्रवाई में करीब 5 करोड़ रुपये की आय से अधिक संपत्ति का खुलासा होने का दावा किया गया है। तलाशी के दौरान करीब 2 किलो सोना, 6.5 किलो चांदी और 12.5 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। इसके अलावा मकान और भूखंड समेत कई अचल संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज भी एजेंसी के हाथ लगे हैं।
यह कार्रवाई तिरुपति मंदिर के लड्डू प्रसाद में कथित मिलावट के मामले की जांच के बाद सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, CBI से मिली जानकारी और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर ACB ने यह कार्रवाई की।
कौन हैं मेंडु लोकनाथम?
मेंडु लोकनाथम तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम में डिप्टी एग्जीक्यूटिव ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं। बताया गया है कि वह TTD में पहले भी कई महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
ACB की कई टीमों ने DSP श्रीनिवास राव के नेतृत्व में लोकनाथम और उनके रिश्तेदारों से जुड़े कई ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया। जांच के दौरान कथित तौर पर बड़ी मात्रा में सोना, चांदी, नकदी और संपत्ति से जुड़े दस्तावेज मिले।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
तिरुपति मंदिर प्रशासन से जुड़े अधिकारियों के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति और कथित भ्रष्टाचार का यह पहला मामला नहीं है। पिछले एक दशक में ऐसा मामला सामने आ चुका है। वर्ष 2016 में एजेंसी ने TTD के तत्कालीन डिप्टी एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर टी. भूपति रेड्डी के ठिकानों पर भी तलाशी ली थी। उनके खिलाफ भी आय से अधिक संपत्ति के आरोपों में कार्रवाई हुई थी।
20 साल तक मंदिर में चोरी का दावा
तिरुपति मंदिर से जुड़ा एक और चर्चित मामला अप्रैल 2023 में सामने आया था। मंदिर कर्मचारी सीवी रवि कुमार CCTV में संदिग्ध गतिविधियों के बाद जांच एजेंसियों के निशाने पर आए थे। पूछताछ के दौरान कथित तौर पर उन्होंने मंदिर में दो दशक से अधिक समय तक चोरी करने की बात स्वीकार की थी।
जांच में यह भी दावा किया गया था कि कथित चोरी से अर्जित रकम से चेन्नई, तिरुपति और हैदराबाद में 100 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां खरीदी गईं। रवि कुमार 1990 के दशक की शुरुआत में मंदिर से जुड़े थे और तिरुमाला स्थित भगवान वेंकटेश्वर मंदिर में तैनात रहे थे।
ताजा कार्रवाई के बाद एक बार फिर तिरुपति मंदिर में श्रद्धालुओं के चढ़ावे और मंदिर प्रशासन में पारदर्शिता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही होगी।

