भोपाल: सीलिंग और व्यापारियों-रहवासियों से जुड़े विवाद को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि सरकार मामले को गंभीरता से ले रही है। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट में व्यापारियों और रहवासियों का पक्ष मजबूती से रखा जाएगा और कोर्ट के निर्देशों के आधार पर आगे का रास्ता निकाला जाएगा।
सुप्रीम कोर्ट में रखेंगे सरकार का पक्ष
शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि भोपाल से जुड़े सभी मुद्दों को सुप्रीम कोर्ट के सामने रखा जा रहा है। सरकार की कोशिश है कि व्यापारियों और स्थानीय रहवासियों के हितों को ध्यान में रखते हुए इस लंबे समय से चले आ रहे विवाद का बेहतर समाधान निकाला जाए।
उन्होंने कहा कि सरकार न्यायालय के मार्गदर्शन के अनुसार आगे की कार्रवाई करेगी। सीलिंग कार्रवाई के बीच सरकार की ओर से व्यापारियों और रहवासियों दोनों के हितों को ध्यान में रखते हुए समाधान तलाशने की बात कही जा रही है।
जानापाव को प्रमुख तीर्थस्थल के रूप में विकसित करेंगे
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जानापाव के धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए इसे प्रमुख तीर्थस्थल के रूप में विकसित करने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों के विकास से पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और कारोबार के अवसर भी बढ़ेंगे।
महाकाल लोक के बाद उज्जैन में बढ़े पर्यटक
मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन में श्री महाकाल लोक के विकास के बाद श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या में काफी वृद्धि हुई है। उनके अनुसार, वर्ष 2022 तक उज्जैन में करीब 60 से 70 लाख श्रद्धालु और पर्यटक आते थे, जबकि अब यह संख्या करोड़ों तक पहुंच गई है।उन्होंने कहा कि सरकार इसी तरह प्रदेश के अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों को भी विकसित करने पर काम कर रही है, ताकि धार्मिक पर्यटन के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिल सके।

