सागर :भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती के लिए 1 से 14 अक्टूबर 2026 तक सागर में भर्ती रैली आयोजित की जाएगी। सेना भर्ती कार्यालय ग्वालियर की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार 14 दिवसीय भर्ती रैली इंदिरा गांधी इंजीनियरिंग कॉलेज, सागर में होगी। इसमें सागर और ग्वालियर संभाग के 10 जिलों के करीब 11 हजार अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है।
जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी की
भर्ती रैली की तैयारियों को लेकर कलेक्टर प्रतिभा पाल की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें पुलिस, नगर निगम, जिला पंचायत, पीडब्ल्यूडी, आरटीओ, स्वास्थ्य विभाग, बिजली विभाग और सेना भर्ती कार्यालय समेत संबंधित विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।कलेक्टर ने बताया कि भर्ती में शामिल होने वाले युवाओं को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। अभ्यर्थियों के शारीरिक परीक्षण और दस्तावेजों की जांच के लिए भी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।
10 जिलों के अभ्यर्थी होंगे शामिल
भर्ती रैली में ग्वालियर, मुरैना, श्योपुर, अशोकनगर और सागर संभाग के अन्य जिलों के अभ्यर्थी शामिल होंगे। जिला प्रशासन और सेना भर्ती कार्यालय ने रैली को व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने के लिए विभागवार तैयारियां पूरी करने का दावा किया है

