नई दिल्ली:राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु नई दिल्ली के विज्ञान भवन में शिक्षक दिवस के अवसर पर 48 स्कूली शिक्षकों को ‘राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार’ प्रदान करेंगी।इस कार्यक्रम के दौरान हर अवॉर्ड पाने वाले के बेहतरीन काम और उपलब्धियों को दिखाने वाली डॉक्यूमेंट्री भी दिखाई जाएंगी। इनसे पता चलेगा कि उन्होंने स्कूली शिक्षा में क्या योगदान दिया है और अपने स्टूडेंट्स की जिंदगी पर कैसा असर डाला है।
स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग करता है कार्यक्रम आयोजित
शिक्षा मंत्रालय के तहत ‘स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग’ हर साल शिक्षक दिवस पर देश भर के कुछ बेहतरीन शिक्षकों को ‘राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार’ से सम्मानित करने के लिए राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम आयोजित करता है।अवॉर्ड पाने वालों को एक कड़े, पारदर्शी और ऑनलाइन चयन प्रक्रिया के जरिए चुना जाता है। यह प्रक्रिया उन शिक्षकों को पहचानने के लिए बनाई गई है, जिन्होंने अपने पेशे के प्रति असाधारण समर्पण दिखाया है।
कार्यक्रम का उद्देश्य बेतहरीन शिक्षकों को सम्मान देना है
‘राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार’ का मकसद देश के कुछ बेहतरीन शिक्षकों के खास योगदान का जश्न मनाना और उन शिक्षकों को सम्मान देना है, जिन्होंने अपने समर्पण, कड़ी मेहनत और लगन से न सिर्फ स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने में मदद की है, बल्कि अपने स्टूडेंट्स की जिंदगी को भी बेहतर बनाया है।
चयन प्रक्रिया राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर होती है
इस साल, स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग ने जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर तीन चरणों वाली चयन प्रक्रिया के जरिए कुल 48 स्कूल शिक्षकों को चुना है। चुने गए 48 पुरस्कार विजेताओं में देश भर के अलग-अलग तरह के शिक्षक शामिल हैं। उन्हें 27 राज्यों, सात केंद्र शासित प्रदेशों और केंद्र सरकार के छह संगठनों से चुना गया है।

