नई दिल्ली: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) में दाखिले के लिए होने वाली संयुक्त प्रवेश परीक्षा जेईई-एडवांस्ड 2027 की तारीख घोषित कर दी गई है। परीक्षा 23 मई 2027, रविवार को आयोजित होगी। इस बार परीक्षा का आयोजन आईआईटी दिल्ली करेगा। संस्थान ने जेईई-एडवांस्ड 2027 की आधिकारिक वेबसाइट भी शुरू कर दी है। इस पर परीक्षा से जुड़ी जरूरी जानकारी और पात्रता संबंधी नियम उपलब्ध करा दिए गए हैं।
जेईई-मेन के टॉप 2.5 लाख अभ्यर्थियों को मौका
जेईई-एडवांस्ड में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को पहले जेईई-मेन परीक्षा उत्तीर्ण करनी होगी। जेईई-मेन में प्रदर्शन के आधार पर शीर्ष 2.5 लाख अभ्यर्थियों को जेईई-एडवांस्ड में बैठने का मौका दिया जाएगा। इसके बाद एडवांस्ड परीक्षा में प्रदर्शन के आधार पर आईआईटी में दाखिले की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
वेबसाइट पर देख सकेंगे पात्रता के नियम
आईआईटी दिल्ली ने जेईई-एडवांस्ड 2027 के लिए आधिकारिक वेबसाइट jeeadv.ac.in लॉन्च की है। इस पोर्टल पर परीक्षा में शामिल होने के लिए जरूरी पात्रता मानदंड उपलब्ध करा दिए गए हैं। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आवेदन और परीक्षा से जुड़ी आगे की घोषणाओं के लिए नियमित रूप से वेबसाइट देखते रहें।
दो साल में अधिकतम दो बार दे सकेंगे परीक्षा
नियमों के मुताबिक, अभ्यर्थी लगातार दो वर्षों में अधिकतम दो बार जेईई-एडवांस्ड की परीक्षा दे सकते हैं। पहली बार 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने वाले वर्ष में और दूसरी बार उसके अगले वर्ष परीक्षा में शामिल होने का मौका मिलता है। इसलिए उम्मीदवारों को आवेदन से पहले पात्रता संबंधी सभी शर्तों की जांच करनी होगी।
ये भी पढ़ें: किसानों के अपमान के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा के इस्तीफे की मांग
स्क्रीन पर मिलेगा कैलकुलेटर
जेईई-एडवांस्ड 2027 में अभ्यर्थियों को परीक्षा के दौरान ऑन-स्क्रीन बेसिक (गैर-वैज्ञानिक) कैलकुलेटर इस्तेमाल करने की सुविधा मिलेगी। आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, इसमें 10 से 12 अंकों की डिस्प्ले होगी। परीक्षा से संबंधित अन्य दिशा-निर्देश और विस्तृत जानकारी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी।

