मुरैना। कैलारस विकासखंड के खेरली-पचोखरा मार्ग पर स्थित गुराह नाले का पुल रविवार को हुई बारिश के बाद जलमग्न हो गया। नाले का पानी पुल के ऊपर से तेज बहाव के साथ बहने लगा, जिससे इस मार्ग पर आवागमन करना जोखिमभरा हो गया है। इसके बावजूद ग्रामीणों को मजबूरी में जान जोखिम में डालकर नाला पार करते देखा गया। कुछ ग्रामीण बड़ी कढ़ाई में बैठकर रस्सी के सहारे नाला पार कर रहे हैं।
तेज बहाव के बीच ग्रामीणों ने अपनाया जुगाड़
पुल के ऊपर पानी आने के बाद ग्रामीणों ने आवाजाही के लिए रस्सी और कढ़ाई का सहारा लिया। लोग कढ़ाई में बैठकर रस्सी पकड़ते हुए नाले के एक छोर से दूसरे छोर तक पहुंच रहे हैं। नाले में पानी का बहाव तेज होने के कारण यह तरीका बेहद जोखिमभरा है। जरा सी चूक होने पर बड़ा हादसा हो सकता है।
हर बारिश में प्रभावित होता है मार्ग
ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के मौसम में गुराह नाले का जलस्तर बढ़ते ही खेरली-पचोखरा मार्ग पर आवागमन प्रभावित हो जाता है। पुल के ऊपर पानी बहने से दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों के लिए खतरा बढ़ जाता है। कई बार पानी का बहाव इतना तेज हो जाता है कि पुल को पार करना मुश्किल हो जाता है।
यह भी पढ़े :स्वरा भास्कर के जौहर पर दिए गए बयान पर भड़के बाबा बागेश्वर
स्थायी समाधान की मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नाले के पुल और सड़क का निरीक्षण कराने की मांग की है। साथ ही उनका कहना है कि हर साल बारिश के दौरान इसी तरह की स्थिति बनती है। ऐसे में पुल पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ समस्या का स्थायी समाधान किया जाना जरूरी है, ताकि लोगों को जान जोखिम में डालकर नाला पार न करना पड़े।
एसडीएम बोले- वैकल्पिक रास्ता मौजूद, फिर भी की गई लापरवाही
जौरा एसडीएम शुभम शर्मा का कहना है कि खेरली और पचोखरा दोनो अलग-अलग गांव हैं। एक बुजुर्ग की तेरहवीं के दौरान लोगों के नाला पार करने की स्थिति सामने आई थी। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों के लिए वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध था, इसके बावजूद उन्होंने पानी से भरे इस रास्ते से आवागमन किया।

