ग्वालियर: सागर में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद मध्य प्रदेश में आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इसी अभियान के तहत ग्वालियर-शिवपुरी हाईवे पर आबकारी और पुलिस की टीम ने महाकाल पंडित ढाबे पर छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान करीब 2300 लीटर स्प्रिट (इथेनॉल) और बड़ी मात्रा में अवैध देशी-विदेशी शराब बरामद की गई। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त सामग्री की कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है।
12 ड्रमों में छिपाकर रखा था स्प्रिट
आबकारी टीम को मुखबिर से ढाबे पर अवैध सामग्री रखे होने की सूचना मिली थी। तलाशी के दौरान 12 प्लास्टिक ड्रमों में छिपाकर रखा गया करीब 2300 लीटर स्प्रिट बरामद हुआ। अधिकारियों के मुताबिक, बरामद स्प्रिट मानव सेवन के लिए असुरक्षित है।
ये भी पढ़े: रीवा में दिग्विजय सिंह का सरकार पर बड़ा हमला, बोले- स्वास्थ्य मंत्री जिम्मेदार नहीं तो फिर कौन?
मौके से मोहना निवासी अनिल शर्मा, श्योपुर निवासी सौरभ गुर्जर और मोहना निवासी अरवाज खान को गिरफ्तार किया गया। तीनों के खिलाफ मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पेट्रोल में मिलावट की भी आशंका
अधिकारियों के अनुसार, बरामद स्प्रिट से करीब 32 लाख रुपये मूल्य की अवैध शराब तैयार की जा सकती थी। छापेमारी के दौरान पेट्रोल और थिनर भी मिला है। इसके आधार पर स्प्रिट का इस्तेमाल पेट्रोल में मिलावट के लिए किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
आबकारी विभाग ने जब्त सामग्री को आगे की जांच के लिए संबंधित पुलिस अधिकारियों को सौंप दिया है। विभाग का कहना है कि अवैध और जहरीली शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

