भोपाल: करोंद में मटकी फोड़ प्रतियोगिता के दौरान भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा के एक बयान को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। शर्मा ने मंच से कहा, ‘करोंद चौराहे से मिसाइल छोड़ो तो काजी कैंप में जाकर गिरे। ‘बाद में उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि उनका इशारा भोपाल के काजी कैंप की ओर नहीं, बल्कि इस्लामाबाद के ‘काजी कैंप’ की ओर था। कांग्रेस ने इस सफाई पर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सरकार का रुख स्पष्ट करने की मांग की है।
मटकी फोड़ कार्यक्रम में दिया बयान
भगत सिंह चौराहे पर रविवार रात मटकी फोड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। कार्यक्रम में हुजूर से भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा भी शामिल हुए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शर्मा ने हिंदू एकता, राष्ट्रवाद और आतंकवाद सहित विभिन्न मुद्दों पर अपनी बात रखी। इसी दौरान उन्होंने कहा, ‘करोंद चौराहे से मिसाइल छोड़ो तो काजी कैंप में जाकर गिरे।’
बयान के बाद उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका आशय भोपाल स्थित काजी कैंप से नहीं था। वे इस्लामाबाद वाले “काजी कैंप” की बात कर रहे थे।
कहा- पाकिस्तान में भी होगी मटकी फोड़ प्रतियोगिता
अपने संबोधन में शर्मा ने पाकिस्तान का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वह दिन दूर नहीं जब लाहौर, ढाका और इस्लामाबाद में भी मटकी फोड़ प्रतियोगिता होगी। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद लोगों से पूछा कि क्या वे इस्लामाबाद में मटकी फोड़ना चाहते हैं। इसके बाद उन्होंने कहा कि वहां मटकी फोड़ने के लिए पहले ‘वहां की मटकी’ फोड़नी पड़ेगी।
शर्मा ने हिंदू समाज से एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा कि एकता केवल मटकी फोड़ने जैसे आयोजनों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि समाज को हर स्तर पर संगठित रहना चाहिए।
जातियों में नहीं बंटने की अपील
विधायक ने अपने संबोधन में हिंदू समाज से जातियों के आधार पर नहीं बंटने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि जातिगत पहचान से पहले हिंदू और भारतीय होने की पहचान को महत्व दिया जाना चाहिए।
उन्होंने मातृभूमि के प्रति निष्ठा को प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य बताते हुए देश के लिए समर्पित लोगों के सम्मान की बात भी कही।
कांग्रेस ने पूछा- इस्लामाबाद में ‘काजी कैंप’ कहां है?
विधायक के बयान और उसके बाद दी गई सफाई पर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। कांग्रेस के मीडिया को-ऑर्डिनेटर अब्बास हाफिज ने कहा कि इंटरनेट पर पाकिस्तान में काजी कैंप नाम की कोई जगह नहीं मिलती। हाफिज ने सवाल किया कि अगर विधायक भोपाल के काजी कैंप की बात नहीं कर रहे थे, तो वे आखिर किस जगह का उल्लेख कर रहे थे। उन्होंने भोपाल के काजी कैंप जैसे इलाके के संदर्भ में सार्वजनिक मंच से मिसाइल गिरने की बात को निंदनीय बताते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से इस मामले में सरकार का रुख स्पष्ट करने की मांग की।
कांग्रेस ने यह भी पूछा है कि सरकार विधायक के इस बयान को किस तरह देखती है और क्या इस मामले में किसी तरह की कार्रवाई की जाएगी।

