Saturday, November 7, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsस्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर जूनियर डॉक्टरों का धरना, कमला पार्क...

स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर जूनियर डॉक्टरों का धरना, कमला पार्क में जुटे छात्र

भोपाल: स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर जूनियर डॉक्टरों का विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है। पिछले करीब तीन साल से स्टाइपेंड में बढ़ोतरी की मांग कर रहे जूनियर डॉक्टर अब मुख्यमंत्री निवास के नजदीक कमला पार्क इलाके में धरने पर बैठ गए हैं। प्रदर्शन के चलते इलाके में यातायात प्रभावित हुआ है और सड़क पर जाम की स्थिति बन गई है।

जूनियर डॉक्टरों की मांग है कि उन्हें मिलने वाले स्टाइपेंड को मौजूदा करीब 14 हजार रुपये से बढ़ाकर 30 हजार रुपये किया जाए। उनका कहना है कि दूसरे राज्यों में जूनियर डॉक्टरों को इससे अधिक स्टाइपेंड दिया जा रहा है, जबकि मध्य प्रदेश में लंबे समय से उनकी मांग पर कोई ठोस फैसला नहीं हुआ है।

देर रात पैदल मार्च के दौरान पुलिस से टकराव

स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर जूनियर डॉक्टर देर रात पैदल मार्च निकाल रहे थे। प्रदर्शनकारियों के मुताबिक, इसी दौरान पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की और स्थिति बिगड़ने पर वाटर कैनन का इस्तेमाल और लाठीचार्ज किया गया।

पुलिस कार्रवाई से नाराज जूनियर डॉक्टरों ने इसके बाद मुख्यमंत्री निवास के नजदीक कमला पार्क में धरना शुरू कर दिया। बड़ी संख्या में छात्र मौके पर मौजूद हैं और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।

डिप्टी सीएम से मिलने पर अड़े जूनियर डॉक्टर

धरने के दौरान पुलिस अधिकारियों की ओर से प्रदर्शनकारी छात्रों को समझाने की कोशिश की जा रही है। हालांकि, छात्र अपनी मांगों पर लिखित या स्पष्ट आश्वासन मिलने तक धरना खत्म करने के मूड में नहीं हैं।

जूनियर डॉक्टरों की मांग है कि डिप्टी सीएम एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला खुद मौके पर पहुंचकर उनसे मुलाकात करें और स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग पर आश्वासन दें।

फिलहाल कमला पार्क क्षेत्र में प्रदर्शन के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित है। प्रशासन और पुलिस की ओर से स्थिति को नियंत्रित करने तथा प्रदर्शनकारियों से बातचीत के प्रयास किए जा रहे हैं

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

1 to 7 November 2026
25 to 31 October 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन