नई दिल्ली:अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज और एशियन गेम्स से पहले भारतीय टीम में बदलाव किया गया है। BCCI ने चोटिल तेज गेंदबाज हर्षित राणा को स्क्वाड से बाहर कर उनकी जगह यश ठाकुर को शामिल किया है।BCCI के मुताबिक, हर्षित बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में हैमस्ट्रिंग चोट से उबर रहे थे। 7 सितंबर को अभ्यास के दौरान गेंदबाजी करते समय उन्हें दोबारा चोट लग गई, जिसके बाद उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया।
इंग्लैंड दौरे पर लगी थी चोट
हर्षित को जुलाई में इंग्लैंड दौरे के दौरान हैमस्ट्रिंग चोट लगी थी। इसके बाद वह रिहैबिलिटेशन में थे। उन्हें आगामी सीरीज के लिए फिटनेस टेस्ट की शर्त पर टीम में जगह मिली थी।हर्षित के अलावा नीतीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर और जसप्रीत बुमराह भी फिटनेस से जुड़ी शर्त के साथ स्क्वाड में शामिल किए गए थे।
यश ठाकुर को मिला मौका
27 वर्षीय तेज गेंदबाज यश ठाकुर ने जुलाई में जिम्बाब्वे दौरे पर भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल डेब्यू किया था। दो मैचों में उन्होंने चार विकेट लिए हैं।घरेलू क्रिकेट में यश ने 50 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी मैचों में 81 विकेट लिए हैं। 76 टी20 मैचों में उनके नाम 114 विकेट हैं। IPL में वह लखनऊ सुपर जायंट्स और पंजाब किंग्स के लिए खेल चुके हैं। 22 मैचों में उन्होंने 27 विकेट लिए हैं।
टीम इंडिया का अपडेटेड टी20 टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उपकप्तान), शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और यश ठाकुर।

