मानसरोवर आबू रोड: प्रजापिता ब्रह्मा कुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की भगिनी संस्था राजयोग एज्युकेशन एण्ड रिसर्च फाउंडेशन के मीडिया एवं पी आर विंग द्वारा राष्ट्रीय मीडिया महा सम्मेलन का आज आबू रोड स्थित मानसरोवर के दिव्य शक्ति अनुभूति हॉल में श्रेष्ठ विश्व के निर्माण हेतु सशक्त मीडिया विषय पर भव्य शुभारंभ समारोह संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य रूप से कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्व विद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. डॉ. मान सिंह परमार, नई दिल्ली से भारत न्यूज़ नेटवर्क के सीईओ डॉ. सरफराज सैफी, न्यूज़ इंडिया टीवी के एडिटर इन चीफ राणा यशवंत, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल में जनसंचार विभाग के अध्यक्ष प्रो.संजय द्विवेदी, मीडिया एवं पीआर विंग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजयोगी बीके करुणा भाई, राष्ट्रीय उपाध्यक्षा बीके सरला बहन, राष्ट्रीय संयोजक बी के निकुंज भाई, जयपुर से ब्रह्माकुमारीज सबजोन इंचार्ज बीके सुषमा दीदी, मीडिया विंग की जोनल कॉर्डिनेटर बहन बीके चंद्रकला उपस्थित रहे।
भारत विश्वगुरु बने
कार्यक्रम में अध्यक्षीय संबोधन में राजयोगी बीके करुणा ने कहा कि भारत विश्व गुरु बने इसके लिए हम सबको मिलकर कार्य करना चाहिए।पूर्व कुलपति डॉ. मान सिंह परमार ने कहा कि पूरे विश्व में जब हम श्रेष्ठ विश्व की बात करते हैं तो हम देखते हैं कि इस समय विश्व कि हालात क्या हैं। हमें शांति, एकता, विश्वास की भावना के साथ ऐसा विश्व चाहिए जो मनुष्य को मनुष्य से जोड़ सके। उन्होंने पुरजोर अंदाज में कहा कि भारत के संविधान में भी विश्व बंधुत्व की बात कही गई है, भारत की संस्कृति, बहुत प्राचीन संस्कृति रही है। वहीँ सर्वे भवन्तुः सुखिनाः के तर्ज पर हमें अपनी मूल भावना को सबके सामने रखना होगा।
साइबर युद्ध का खतरा
कार्यक्रम में राणा यशवंत ने अपने उद्बोधन में एआई के बारे में उदाहरण देते हुए बताया कि ए आई आज हमारे लिए कई विषयों में सहायक की भूमिका अदा कर रहा है लेकिन एआई के द्वारा पूरी दुनिया में एक ऐसी ताकत तैयार करने की होड़ चल रही है जो इंसान की पकड़ से बाहर होगा। आज की तारीख़ में कई देश सायबर युद्ध की दिशा में आगे बढ़ रहे है, वहीं मनुष्य की बेसिक जरुरत क्या है इसके बारे में कोई विचार नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह साइंस और टेक्नोलॉजी के दौर में हम सभी एक बहुत ख़तरनाक मोड़ पर खड़े है इसकी भनक हमें नहीं है तो हम धोखे में है। उन्होंने कहा कि भारत हर मामले में दूसरे देशों से कमतर साबित न हो इसके लिए हमें और सजग होने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में बीके निकुंज भाई ने भी सकारात्मक विचार रखे एवं पधारे सभी अतिथियों का अभिन्दन भी किया।
कार्यक्रम का कुशल संचालन बीके चंद्रकला बहन ने किया।

