रुद्रप्रयाग:केदारनाथ धाम के पैदल यात्रा मार्ग पर सुबह मौसम अचानक बिगड़ गया। चिरबासा हेलीपैड के पास बादल फटने से करीब 150 मीटर इलाके में भारी भूस्खलन हुआ। मार्ग पर मलबा और बड़े पत्थर आने से कुछ देर के लिए यात्रा रोकनी पड़ी।
प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर मौजूद
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंचीं। मलबा हटाने और रास्ता साफ करने का काम शुरू किया गया।आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। सुरक्षा के चलते कुछ समय के लिए यात्रा रोकी गई थी। अब पैदल यात्रियों की आवाजाही शुरू कर दी गई है, जबकि घोड़े-खच्चरों की आवाजाही फिलहाल बंद है।
प्रशासन की टीमें मार्ग की स्थिति पर नजर रख रही
प्रशासन की टीमें मार्ग की स्थिति पर नजर रख रही हैं और मलबा हटाकर आवाजाही पूरी तरह सामान्य करने में जुटी हैं। मौसम को देखते हुए यात्रियों से सतर्क रहने की अपील की गई है।

