Saturday, November 7, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsबालाघाट में मृत बच्चों के परिवारों से मिले अभिजीत दीपके, आंदोलन की...

बालाघाट में मृत बच्चों के परिवारों से मिले अभिजीत दीपके, आंदोलन की चेतावनी

बालाघाट: बिरसा विकासखंड में बैगा परिवारों के बच्चों की मौत के मामले में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संयोजक अभिजीत दीपके शनिवार को प्रभावित गांवों में पहुंचे। उन्होंने कुंडेकसा और बांदरी गांव में मृत बच्चों के परिजनों से मुलाकात की और सरकार की ओर से मिल रही सहायता, इलाज और मुआवजे की जानकारी ली।

परिजनों से मुलाकात के बाद दीपके ने कहा कि जरूरत पड़ने पर बच्चों की मौत के मामले में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने सोशल मीडिया पर स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर बच्चों की मौत के आंकड़ों को लेकर भी सवाल उठाए।

परिवारों से मिले, इलाज और सहायता की जानकारी ली

अभिजीत दीपके ने मृत बच्चों के परिवारों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं। उन्होंने परिवारों से यह भी पूछा कि उन्हें प्रशासन की ओर से क्या सहायता मिली है और इलाज की व्यवस्था कैसी रही।

दीपके ने दावा किया कि स्थानीय लोगों के मुताबिक मृत बच्चों की संख्या आधिकारिक आंकड़ों से अधिक हो सकती है। उन्होंने बच्चों के इलाज और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठाए। इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स से हुई बहस

परिवारों से मुलाकात के दौरान कुछ सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स ने अभिजीत दीपके से सवाल किए। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और नारेबाजी हुई।

इंफ्लुएंसर्स ने दीपके से पूछा कि वह अब बालाघाट क्यों पहुंचे हैं। इस पर उन्होंने कहा कि जिन जनप्रतिनिधियों को जनता ने चुना है, उनसे सवाल किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वह प्रभावित परिवारों से मिलने और उनके लिए आवाज उठाने आए हैं। जरूरत पड़ने पर आंदोलन करने की बात भी कही।

प्रशासन का दावा- प्रभावित गांवों में लगातार काम जारी

बालाघाट कलेक्टर कुमार सत्यम से मामले में पक्ष जानने के लिए संपर्क किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। हालांकि, जिला प्रशासन के आधिकारिक सोशल मीडिया पेज के मुताबिक प्रभावित गांवों में स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण और जन-जागरूकता से जुड़े काम लगातार किए जा रहे हैं।

स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर लोगों की स्क्रीनिंग, स्वास्थ्य परीक्षण, दवा वितरण और उपचार कर रही हैं।

यह भी पढ़े : महिला एशिया कप फाइनल: श्रीलंका से भिड़ेगा भारत, 8वें खिताब पर नजर; प्लेइंग-11 में बदलाव नहीं!

6,560 लोगों की जांच, 1,167 मरीज मिले

प्रशासन के अनुसार अब तक 6,560 लोगों की जांच की गई है। इनमें विभिन्न बीमारियों से पीड़ित 1,167 मरीज मिले। इनमें 453 मरीजों का अस्पताल और 677 मरीजों का घर पर उपचार किया गया है।

वहीं, अब तक 458 सत्रों में 20,838 बच्चों का टीकाकरण कराया जा चुका है। महिला एवं बाल विकास विभाग प्रभावित गांवों में आंगनबाड़ी केंद्रों की साफ-सफाई और बच्चों को समय पर भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था कर रहा है।

प्रशासन का कहना है कि प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य और पोषण से जुड़ी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

1 to 7 November 2026
25 to 31 October 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन