खंडवा: PM मोदी के जन्मदिन पर खंडवा में दीये जलाए जाएंगे। पंधाना जनपद CEO ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर को मध्य प्रदेश में बड़े स्तर पर दीपोत्सव होगा। सेवा संकल्प अभियान के तहत शाम 7 बजे प्रदेशभर में एक साथ दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। प्रदेशभर में 58 लाख से अधिक दीप जलाने की तैयारी है। ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों के हर वार्ड में भी दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इसके साथ ही सरकारी योजनाओं के लाभार्थी परिवारों और संस्थाओं को भी आयोजन से जोड़ा जाएगा।
जनपद CEO का आदेश, हर गांव में 500 दीपक का जिम्मा
खंडवा में पंधाना जनपद पंचायत CEO ने मंगलवार रात आदेश जारी कर सचिवों को दीप जलाने का टारगेट दिया है। जनपद पंचायत के CEO शुभम निमामे ने सभी ग्राम पंचायतों के सचिव और ग्राम रोजगार सहायकों को हर पंचायत में कम से कम 500 दीपक जलाने का लक्ष्य दिया है।
जनपद पंचायत के आदेश में कलेक्टर के आदेश का बाकायदा क्रमांक के साथ जिक्र है। जिले में इस अभियान के तहत करीब 5 लाख दीप जलाने की तैयारी है। पंधाना जनपद पंचायत CEO शुभम निमामे ने कहा कि शासन के आदेश के अनुसार निचले स्तर पर निर्देश जारी किए गए हैं। जनपद पंचायत स्तर पर कलेक्टर कार्यालय से निर्देश मिले थे।
कब होगा दीप प्रज्ज्वलन
जनपद पंचायत CEO कार्यालय से 15 सितंबर को जारी आदेश के अनुसार, 17 सितंबर 2026 को शाम 7 बजे ग्राम पंचायत मुख्यालय और गांवों में दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, कर्मचारियों और ग्रामीणों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। आयोजन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, आशा कार्यकर्ता, शिक्षक, स्व-सहायता समूह की महिलाएं, ग्राम कोटवार और ANM का सहयोग भी लिया जाएगा।
फोटो और वीडियो भी करने होंगे अपलोड
आदेश में केवल दीप जलाने का लक्ष्य ही नहीं दिया गया है, बल्कि कार्यक्रम की फोटो और वीडियो भी निर्धारित पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश हैं। लाभार्थी परिवारों, व्यक्तियों और संस्थाओं द्वारा किए गए दीप प्रज्ज्वलन की तस्वीरें और वीडियो भी साझा किए जाने हैं।
यह भी पढ़े: लालबागचा राजा के दरबार में पहले दिन 48.50 लाख का चढ़ावा, FDA ने मंडलों को दी फूड सेफ्टी की ट्रेनिंग
स्कूल-कॉलेज समेत इन जगहों पर जलाए जाएंगे दीप
दीप प्रज्ज्वलन के लिए PM आवास योजना की कॉलोनियां और मोहल्ले, अमृत सरोवर, जल संरचनाएं, नवनिर्मित सेतु, बांध, जन औषधि केंद्र, आयुष्मान सूचीबद्ध अस्पताल, स्कूल, कॉलेज और अन्य शैक्षणिक संस्थान चिन्हित किए गए हैं।
इसके अलावा मंदिर, घाट, आध्यात्मिक केंद्र, पंचायत भवन, सामुदायिक केंद्र, ऊर्जा एवं नवीकरणीय ऊर्जा से जुड़ी परियोजनाएं, प्रमुख स्थल, नगरीय एवं ग्रामीण विकास की परियोजनाएं तथा जल संसाधन और नर्मदा घाटी विकास से जुड़ी परियोजनाएं भी कार्यक्रम में शामिल हैं।


