भोपाल: गुरुग्राम में फ़ीमेल बी-राइडर ‘सिया’ के साथ हुई शर्मनाक घटना जैसी ही एक घटना मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भी देखने को मिली है। यहां भोपाल की फ़ीमेल राइडर आबिदा के साथ सड़क पर कार सवार युवकों द्वारा बदसलूकी का मामला सामने आया है। हालांकि, पीड़िता की तत्परता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आरोपियों को अपने किए पर झुकना पड़ा।
थाने पहुंचते ही युवकों के पसीने छूटे, दिया लिखित माफीनामा
घटना के तुरंत बाद राइडर आबिदा ने हिम्मत दिखाते हुए संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तुरंत संज्ञान लिया और संबंधित कार चालक व उसके साथियों को थाने में तलब कर लिया। पुलिस के सख्त रुख को देखकर कार सवार युवकों ने अपनी गलती स्वीकार की और लिखित में माफीनामा सौंपकर माफी मांगी।
पुरुष प्रधान सोच पर उठाए सवाल
इस घटना के बाद आबिदा ने समाज में फैली ‘मेल डोमिनेट’ मानसिकता पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा,सड़कों पर महिला राइडर्स को देखकर इस तरह की हरकतें करना बेहद गलत है। यह सब नहीं होना चाहिए
ये भी पढ़े:इंदौर में राहुल गांधी के कार्यक्रम में सुरक्षा का पेंचः वर्मा आयोग के कड़े मानकों का हवाला
सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की
आबिदा ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं से कभी-कभी डर भी लगता है और घरवाले भी उनकी सुरक्षा को लेकर काफी चिंतित रहते हैं। लेकिन इन सब रुकावटों के बावजूद आबिदा का हौसला कम नहीं हुआ है। उनका कहना है कि राइडिंग उनका जुनून और शौक है, जिसे वे किसी भी डर के कारण रुकने नहीं देंगी

