मुंबई: बिग बॉस 20 के वीकेंड का वार पर शनिवार के एपिसोड के आखिरी कुछ मिनटों ने सलमान खान के फैंस की चिंता बढ़ा दी। शो के दौरान सलमान कई बार सीने में दर्द होने जैसा अभिनय करते दिखाई दिए। उन्होंने दो-तीन बार अपनी छाती पकड़ी और बाद में जमीन पर लेट गए।
सलमान खान को अचानक सीने पर हाथ रखकर जमीन पर गिरता देख कंटेस्टेंट्स के साथ दर्शक भी घबरा गए। हालांकि बाद में सामने आया कि सलमान को वास्तव में कोई परेशानी नहीं हुई थी। यह पूरा एक्ट कंटेस्टेंट काजी तौकीर को एक बात समझाने के लिए किया गया था।
एपिसोड के अंत में दिखाए गए प्रोमो ने सस्पेंस और बढ़ा दिया। इसमें सलमान डॉक्टर बुलाने की बात करते दिखाई दिए। अचानक सामने आए इन दृश्यों के कारण सोशल मीडिया पर भी उनकी तबीयत को लेकर चर्चा शुरू हो गई।
नए प्रोमो में सामने आया पूरा मामला
इसके बाद मेकर्स ने एक नया प्रोमो जारी कर पूरी स्थिति साफ कर दी। नया वीडियो ठीक वहीं से शुरू हुआ, जहां पिछला प्रोमो खत्म हुआ था।
सलमान सीने पर हाथ रखकर जमीन पर लेटे नजर आते हैं और डॉक्टर बुलाने की बात करते हैं। घर के कंटेस्टेंट्स उन्हें देखकर परेशान हो जाते हैं। लेकिन अगले ही पल सलमान पूरा मामला साफ करते हुए काजी तौकीर से कहते हैं, तौकीर, ये जो मैं कर रहा हूं इस वक्त, वो आप करते हो एंटरटेनमेंट के लिए।
सलमान की बात सुनते ही घर का माहौल बदल जाता है और कंटेस्टेंट्स हंसने लगते हैं।
यह भी पढ़ें : दीपिका-रणवीर के घर दूसरी बेटी, 2013 में तीन बच्चों की इच्छा जता चुकी हैं अभिनेत्री
काजी तौकीर को समझाने के लिए किया एक्ट
दरअसल, सलमान इस एक्ट के जरिए काजी तौकीर को यह समझाना चाहते थे कि सिर्फ एंटरटेनमेंट के लिए किसी स्थिति को जरूरत से ज्यादा नाटकीय बनाना दूसरों को परेशान कर सकता है।
बाद में सलमान ने सोशल मीडिया पर भी स्पष्ट किया कि सीने में दर्द वाला पूरा घटनाक्रम एक मजाक और शो के एक्ट का हिस्सा था। इससे उन फैंस को राहत मिली, जो एपिसोड देखने के बाद उनकी सेहत को लेकर चिंतित हो गए थे।

