नागोया: एशियाई खेल 2026 में भारत ने पहले ही दिन निशानेबाजी में दो रजत पदक जीतकर अपने अभियान की शुरुआत की। महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में एलावेनिल वलारिवन, सोनम मस्कर और विदरसा विनोद की भारतीय तिकड़ी दूसरे स्थान पर रही। इसके बाद एलावेनिल ने व्यक्तिगत स्पर्धा में भी रजत पदक जीता।
भारतीय टीम ने 1898.0 अंक हासिल किए। चीन ने 1904.2 अंकों के विश्व रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि मेजबान जापान 1897.1 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहा। टीम स्पर्धा का रजत भारत का इन खेलों में पहला पदक रहा।
एलावेनिल ने व्यक्तिगत स्पर्धा में भी जीता रजत
टीम स्पर्धा के बाद एलावेनिल ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल के व्यक्तिगत फाइनल में 252.4 अंक हासिल किए। जापान की हिनाता ताइची 253.0 अंक के साथ पहले स्थान पर रहीं और उन्होंने एशियाई खेलों का रिकॉर्ड बनाया। दक्षिण कोरिया की ह्योजिन बान ने 230.4 अंक के साथ कांस्य पदक जीता।
एलावेनिल का यह प्रदर्शन इसलिए भी खास रहा क्योंकि उन्होंने एक ही दिन में भारत के लिए दो रजत पदक जीते। पिछले एशियाई खेलों में भारत ने निशानेबाजी में 22 पदक हासिल किए थे, जिनमें सात स्वर्ण, नौ रजत और छह कांस्य शामिल थे।
सुचिका तारियाल ने भी पदक किया पक्का
महिलाओं की 60 किलोग्राम पारंपरिक मिश्रित मार्शल आर्ट्स स्पर्धा में भारत की सुचिका तारियाल ने मंगोलिया की अल्तांचिमेग बैगलमा को 2-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। इसके साथ उनका पदक पक्का हो गया है। इस स्पर्धा में सेमीफाइनल में हारने वाले दोनों खिलाड़ियों को कांस्य पदक दिया जाता है।
सुचिका एशियाई खेलों में मिश्रित मार्शल आर्ट्स में पदक जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बनेंगी। वह सोमवार को सेमीफाइनल मुकाबले में उतरेंगी। मिश्रित मार्शल आर्ट्स को पहली बार एशियाई खेलों में शामिल किया गया है।
यह भी पढ़ें: Asian Games 2026: श्रीलंका ने पाकिस्तान को 8 विकेट से रौंदा, गोल्ड मेडल मैच में बनाई जगह
महिला क्रिकेट टीम फाइनल में
महिला क्रिकेट में भी भारत ने पदक पक्का कर लिया है। भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में बांग्लादेश को 114 रन से हराकर फाइनल में जगह बनाई। स्वर्ण पदक के मुकाबले में भारत का सामना श्रीलंका से होगा। श्रीलंका ने दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान को आठ विकेट से हराया।

