Wednesday, September 23, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsसागर जहरीली शराब कांड: 30 हजार का इनामी मुख्य आरोपी मुठभेड़ में...

सागर जहरीली शराब कांड: 30 हजार का इनामी मुख्य आरोपी मुठभेड़ में घायल, पैर में लगी गोली; साथी भी जख्मी

सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब प्रकरण के मुख्य आरोपी और 30 हजार रुपये के इनामी बदमाश मनीष लोधी उर्फ यशवंत ठाकुर को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, 23 सितंबर की तड़के करीब 3 बजे मालथौन थाना क्षेत्र के नोनिया सेसई रोड घाटी के पास पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मनीष लोधी के पैर में गोली लगी। उसका साथी आशीष साहू भी घायल हुआ है।

घेराबंदी के दौरान पुलिस पर फायरिंग का दावा

पुलिस के अनुसार, बंडा और विनायका थाना क्षेत्र के जहरीली शराब मामले में मुख्य आरोपी मनीष लोधी की लंबे समय से तलाश की जा रही थी। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थीं।

23 सितंबर की तड़के पुलिस टीम को आरोपियों के मालथौन थाना क्षेत्र में होने की सूचना मिली। इसके बाद नोनिया सेसई रोड घाटी के पास घेराबंदी की गई। पुलिस का दावा है कि घेराबंदी के दौरान मनीष लोधी और उसके साथी आशीष साहू ने पुलिस दल पर फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस के मुताबिक, आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में मनीष लोधी के पैर में गोली लगी। वहीं, मौके से भागने की कोशिश कर रहा उसका साथी आशीष साहू भी घायल हो गया।

दो देशी कट्टे और पांच कारतूस बरामद

पुलिस ने मौके से आरोपियों के कब्जे से दो देशी कट्टे, पांच कारतूस और एक बेसबॉल डंडा बरामद करने का दावा किया है। बरामद हथियारों को जांच के लिए जब्त कर लिया गया है।

दोनों आरोपियों का अस्पताल में इलाज

मुठभेड़ के बाद पुलिस टीम ने दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के अनुसार, दोनों का चिकित्सकीय परीक्षण और उपचार कराया जा रहा है।

घटनास्थल पर पुलिस द्वारा साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। हथियारों की जब्ती और अन्य कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस ने मामले में विस्तृत विवेचना शुरू कर दी है। जहरीली शराब प्रकरण में आरोपियों की भूमिका और नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

 

 

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

20 to 26 September 2026
13 to 19 September 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन