नई दिल्ली: भाजपा ने संगठन में बदलाव करते हुए कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए नए प्रभारी और सह-प्रभारी तय कर दिए हैं। पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन की ओर से बुधवार को नई लिस्ट जारी की गई। ये नियुक्तियां तुरंत प्रभाव से लागू होंगी।
नई लिस्ट में मध्य प्रदेश में बिप्लव कुमार देव को प्रभारी और रेखा वर्मा को सह-प्रभारी बनाया गया है। वहीं,स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ और हरियाणा का प्रभारी बनाया गया है। राम माधव को तमिलनाडु और उत्तराखंड की जिम्मेदारी दी गई है।
कई बड़े नेताओं को मिली जिम्मेदारी
गुजरात में तरुण चुघ को प्रभारी बनाया गया है। सतीश पूनिया को जम्मू-कश्मीर के साथ पंजाब की जिम्मेदारी मिली है। वहीं, अनिल एंटनी गोवा और नगालैंड का काम देखेंगे। मध्य प्रदेश में बिप्लव कुमार देव को प्रभारी और रेखा वर्मा को सह-प्रभारी बनाया गया है। राजस्थान में संजय भाटिया, महाराष्ट्र में बैजयंत जय पांडा और पश्चिम बंगाल में सुनील बंसल को जिम्मेदारी दी गई है।
पार्टी ने सिर्फ बड़े राज्यों में ही बदलाव नहीं किया है। पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के राज्यों के लिए भी प्रभारी और सह-प्रभारियों के नाम तय किए गए हैं। यानी अब लगभग सभी राज्यों में संगठन की जिम्मेदारी संभालने वाले नेताओं की तस्वीर साफ हो गई है।
यह भी पढ़ें: जयारोग्य अस्पताल में डॉक्टरों का प्रदर्शन, मारपीट के विरोध में OPD बंद किया
अगस्त में तीन राज्यों के नाम हुए थे तय
इससे पहले 18 अगस्त को भाजपा ने उत्तर प्रदेश, पंजाब और गुजरात के लिए प्रभारी घोषित किए थे। उस समय विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश, सतीश पूनिया को पंजाब और तरुण चुघ को गुजरात की जिम्मेदारी दी गई थी। पार्टी ने तब कहा था कि बाकी राज्यों के नाम बाद में घोषित किए जाएंगे।
अब नई सूची जारी कर बाकी राज्यों में भी जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं। पार्टी के आदेश के मुताबिक सभी नई नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।





