Thursday, November 12, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsTrump-Xi Meeting: जिनपिंग अमेरिका पहुंचे, ट्रंप-मेलानिया ने एयरपोर्ट पर किया स्वागत

Trump-Xi Meeting: जिनपिंग अमेरिका पहुंचे, ट्रंप-मेलानिया ने एयरपोर्ट पर किया स्वागत

वॉशिंगटन। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग बुधवार को तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर अमेरिका पहुंचे। उनके साथ पत्नी पेंग लियुआन भी हैं। वॉशिंगटन के ज्वाइंट बेस एंड्रयूज एयरपोर्ट पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप ने जिनपिंग और पेंग लियुआन का व्यक्तिगत रूप से स्वागत किया। विदेशी राष्ट्राध्यक्ष के एयरपोर्ट पहुंचने पर अमेरिकी राष्ट्रपति का इस तरह स्वागत करना सामान्य प्रोटोकॉल से अलग माना जाता है।

जिनपिंग की यह अमेरिका की एक दशक से अधिक समय बाद पहली राजकीय यात्रा है। गुरुवार को व्हाइट हाउस में ट्रंप और जिनपिंग के बीच औपचारिक मुलाकात और बातचीत होगी। दोनों नेताओं के बीच व्यापार, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), रेयर अर्थ मिनरल्स, ताइवान और अन्य वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।

जिनपिंग बोले- प्रतिद्वंद्वी नहीं, साझेदार बनें चीन-अमेरिका

अमेरिका पहुंचने के बाद जिनपिंग ने चीन और अमेरिका के संबंधों को लेकर सहयोग और स्थिरता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों को प्रतिद्वंद्वी के बजाय साझेदार के रूप में काम करने का रास्ता तलाशना चाहिए। जिनपिंग ने कहा कि चीन और अमेरिका दोनों महान देश हैं तथा दोनों देशों के लोगों के हित गहराई से जुड़े हुए हैं।

उन्होंने स्थिर संबंध, सहयोग और नियंत्रित प्रतिस्पर्धा की जरूरत पर भी जोर दिया। जिनपिंग के अनुसार चीन के राष्ट्रीय पुनर्जागरण की आकांक्षा और अमेरिका को फिर महान बनाने का लक्ष्य एक-दूसरे के साथ चल सकते हैं और इससे दुनिया को लाभ मिल सकता है।

ट्रंप-जिनपिंग की बैठक पर भारत की भी नजर

ट्रंप और जिनपिंग की बैठक पर भारत की भी नजर रहेगी। खासकर रेयर अर्थ मिनरल्स और मैग्नेट की आपूर्ति भारत के इलेक्ट्रिक वाहन, नवीकरणीय ऊर्जा और इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण है। अमेरिका-चीन वार्ता में महत्वपूर्ण खनिजों की आपूर्ति भी प्रमुख मुद्दों में शामिल है।

दोनों देशों के बीच बातचीत से वैश्विक आपूर्ति शृंखलाओं पर भी असर पड़ सकता है। भारत के लिए यह इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि इलेक्ट्रॉनिक्स और अन्य विनिर्माण क्षेत्रों में वैश्विक कंपनियां चीन के बाहर भी विकल्प तलाश रही हैं।

छह महीने में दूसरी बार आमने-सामने होंगे ट्रंप-जिनपिंग

ट्रंप और जिनपिंग छह महीने से भी कम समय में दूसरी बार शिखर स्तर की द्विपक्षीय बातचीत करेंगे। जिनपिंग के साथ उनकी पत्नी पेंग लियुआन भी अमेरिका पहुंची हैं। दोनों देशों के राष्ट्राध्यक्षों के बीच इससे पहले इस वर्ष भी मुलाकात हो चुकी है।

इस यात्रा के दौरान जिनपिंग और पेंग लियुआन के लिए कई औपचारिक कार्यक्रम निर्धारित हैं। गुरुवार को व्हाइट हाउस में राजकीय स्वागत समारोह और स्टेट डिनर होगा। इसके बाद शुक्रवार को दोनों दंपतियों के नेशनल आर्काइव्स जाने का कार्यक्रम है।

रेयर अर्थ, व्यापार और AI पर रहेगी सबसे ज्यादा नजर

ट्रंप-जिनपिंग वार्ता में व्यापार और टैरिफ, रेयर अर्थ मिनरल्स, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और तकनीकी प्रतिस्पर्धा प्रमुख मुद्दे रह सकते हैं। दोनों देशों के बीच व्यापार तनाव को नियंत्रित करने और आपूर्ति शृंखला से जुड़े मुद्दों पर भी बातचीत महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

अमेरिका-चीन संबंधों में सुधार या तनाव में कमी का असर वैश्विक बाजारों और एशिया की अर्थव्यवस्था पर भी पड़ सकता है। ऐसे में भारत समेत दुनिया के कई देश इस वार्ता के नतीजों पर नजर बनाए हुए हैं।

 

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन