इस्लामाबाद/काबुल: पाकिस्तान ने गुरुवार, 24 सितंबर को अफगानिस्तान में 10 ठिकानों पर हवाई और ड्रोन हमले किए। पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तराड़ ने दावा किया कि इन जगहों का इस्तेमाल ड्रोन को रखने और लॉन्च करने के लिए किया जा रहा था। पाकिस्तान ने इस कार्रवाई को एक दिन पहले हुए कथित ड्रोन हमलों का जवाब बताया है।
पाकिस्तान का कहना है कि उसने केवल उन ठिकानों को निशाना बनाया, जिनका संबंध कथित ड्रोन हमलों से था। वहीं अफगानिस्तान ने इससे पहले पाकिस्तान के ड्रोन हमलों के आरोपों से इनकार किया था।
पाकिस्तान का दावा- 8 ड्रोन मार गिराए
पाकिस्तानी अधिकारियों के मुताबिक,23 सितंबर (बुधवार) को अफगानिस्तान की तरफ से आए 8 ड्रोन को उसके Air Defence System ने मार गिराया था। इनमें चार ड्रोन तोर्खम बॉर्डर के पास और चार कोहाट के नजदीकी पहाड़ी इलाकों में गिराए जाने का दावा किया गया है।
हालांकि, अफगान तालिबान की ओर से इन आरोपों को खारिज किया गया। दोनों देशों के दावों में अंतर होने के कारण ड्रोन किसने भेजे थे, इसकी स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।
बॉर्डर पर भी हुई गोलीबारी
अधिकारियों ने दावा किया कि पक्तिया और नंगरहार की तरफ से आतंकियों ने पाकिस्तान में घुसपैठ की कोशिश की थी। इसके बाद अफगान तालिबान बलों की ओर से पाकिस्तानी Border Posts पर Mortar और भारी हथियारों से फायरिंग हुई। पाकिस्तान ने जवाबी कार्रवाई में सीमा पार कुछ चौकियों और ठिकानों को निशाना बनाने की बात कही है।
TTP को लेकर लंबे समय से तनाव
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव की एक बड़ी वजह Tehreek-e-Taliban Pakistan (TTP) और दूसरे आतंकी समूहों की गतिविधियां हैं। पाकिस्तान लंबे समय से आरोप लगाता रहा है कि उसके खिलाफ हमला करने वाले आतंकी अफगानिस्तान में पनाह लेते हैं। अफगान तालिबान सरकार इन आरोपों को खारिज करती रही है।
यह भी पढ़ें: रूस में भारतीयों की मौत: जेलेंस्की बोले- पुतिन की सेना बहला-फुसलाकर भेज रही जंग में
तीन दिन में दूसरी बड़ी कार्रवाई
इससे पहले 21 सितंबर को भी पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में हवाई हमले किए थे। पाकिस्तान ने उस कार्रवाई में 28 आतंकियों के मारे जाने का दावा किया था। वहीं, अफगान अधिकारियों ने कहा था कि हमलों में तीन नागरिक मारे गए और चार घायल हुए। संयुक्त राष्ट्र मिशन ने भी तीन नागरिकों की मौत की पुष्टि की थी।

