नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी के नेता और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह को यौन उत्पीड़न मामले में बरी किए जाने के मजिस्ट्रेट कोर्ट के फैसले को महिला पहलवानों ने सेशन कोर्ट में चुनौती दी है। चार महिला पहलवानों की ओर से दायर अपील पर 26 सितंबर को सुनवाई होने की संभावना है। महिला पहलवानों ने अपनी याचिका में पूर्व WFI अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह को बरी किए जाने के आदेश को चुनौती दी है। इसके साथ ही मामले में सह-आरोपी रहे विनोद तोमर को बरी किए जाने के फैसले के खिलाफ भी अपील की गई है। याचिका में निचली अदालत के फैसले को चुनौती देते हुए मामले पर दोबारा विचार किए जाने की मांग की गई है।
26 सितंबर को सुनवाई होने की संभावना
रॉउज एवेन्यू कोर्ट में महिला पहलवानों की ओर से दायर अपील पर 26 सितंबर को सुनवाई होने की संभावना है। अपील में मजिस्ट्रेट कोर्ट के फैसले को चुनौती देते हुए कहा गया है कि निचली अदालत का आदेश कानूनी कसौटी पर टिकाऊ नहीं है और इसमें उपलब्ध सबूतों का गलत एवं चुनिंदा तरीके से आकलन किया गया। याचिका में आरोप लगाया गया है कि मजिस्ट्रेट कोर्ट का आदेश अनुमान और अटकलों पर आधारित है तथा मामले में स्थापित कानूनी सिद्धांतों को सही तरीके से लागू नहीं किया गया। महिला पहलवानों की ओर से यह भी दावा किया गया है कि आदेश में पीड़िता के व्यवहार को लेकर पुरानी रूढ़िवादी सोच को आधार बनाया गया, जिसके कारण मामले में उपलब्ध साक्ष्यों का उचित मूल्यांकन नहीं हो सका।
ये भी पढ़ें:किरनापुर कांड में नया मोड़: पीड़िता का गर्भपात, परिजनों ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप; 4 पर FIR
फैसले में पीड़िताओं के व्यवहार पर सवाल उठाने का दावा
महिला पहलवानों ने अपनी अपील में निचली अदालत के फैसले को ‘पुरानी सोच वाला’ बताते हुए कहा है कि इसमें यौन उत्पीड़न की पीड़िताओं के व्यवहार को लेकर बनी-बनाई धारणाओं को आधार बनाया गया। याचिका में तर्क दिया गया है कि फैसले में इस बात को लेकर अपेक्षाएं की गईं कि यौन हिंसा की पीड़िता को घटना के बाद किस तरह व्यवहार करना चाहिए।
यह अपील 3 अगस्त 2026 को दिल्ली की रॉउज एवेन्यू कोर्ट की ओर से दिए गए फैसले के खिलाफ दायर की गई है। ट्रायल कोर्ट ने बृजभूषण शरण सिंह को छह महिला पहलवानों की ओर से लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों के मामले में बरी कर दिया था। ट्रायल कोर्ट ने अपने फैसले में अभियोजन पक्ष की कहानी में कथित विसंगतियों और शिकायतकर्ताओं के बयानों में बदलाव को महत्वपूर्ण माना था। अदालत ने आरोपों से जुड़े घटनास्थल और घटना के वर्ष को लेकर बताए गए विरोधाभासों का भी उल्लेख किया था।

