आइची-नागोया: एशियन गेम्स 2026 के छठे दिन भारत के खाते में कई पदक आए। टेबल टेनिस में दिया चिताले और मानुष शाह की मिश्रित युगल जोड़ी ने कांस्य पदक पक्का किया। वहीं महिला शॉट पुट में मनप्रीत कौर ने 17.17 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ कांस्य अपने नाम किया। इससे पहले शूटिंग में भारत एक स्वर्ण और एक रजत पदक जीत चुका है।
टेबल टेनिस में चिताले-मानुष को कांस्य
दिया चिताले और मानुष शाह की मिश्रित युगल जोड़ी को सेमीफाइनल में चीन की वांग चुकिन और सुन यिंगशा की जोड़ी के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। भारतीय जोड़ी 11-8, 11-5, 11-8, 11-2 से मुकाबला हार गई। सेमीफाइनल में पहुंचने के साथ ही टेबल टेनिस में पदक तय हो जाता है, इसलिए भारतीय जोड़ी को कांस्य पदक मिला।
महिला शॉट पुट में मनप्रीत का पदक
महिला शॉट पुट के फाइनल में मनप्रीत कौर ने 17.17 मीटर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और कांस्य पदक जीता। उनके पास अंतिम प्रयास में पदक का रंग बदलने का मौका था, लेकिन उनका प्रयास फाउल हो गया। भारत की दूसरी खिलाड़ी कृष्णा जयशंकर मेनन 16.57 मीटर के प्रदर्शन के साथ पांचवें स्थान पर रहीं।
100 मीटर में दोनों भारतीय फाइनल से बाहर
पुरुष 100 मीटर में गुरिंदरवीर सिंह और अनिमेश कुजुर फाइनल में जगह नहीं बना सके। गुरिंदरवीर ने 10.32 सेकंड का समय निकालकर ओवरऑल 11वां स्थान हासिल किया, जबकि अनिमेश 10.38 सेकंड के साथ 18वें स्थान पर रहे।
हेप्टाथलान और भारोत्तोलन में पदक से चूके
महिला हेप्टाथलान में पूजा और अनामिका केए पदक नहीं जीत सकीं। पूजा 800 मीटर में 2:16.43 मिनट और अनामिका 2:18.06 मिनट के समय के साथ क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं, लेकिन कुल स्कोर के आधार पर वे छठे और सातवें स्थान पर रहीं।
भारोत्तोलन में निरुपमा सेरम देवी 217 किलोग्राम के कुल भार के साथ सातवें स्थान पर रहीं। उन्होंने स्नैच में 93 और क्लीन एंड जर्क में 124 किलोग्राम उठाया।
यह भी पढ़ें: एशियन गेम्स में भारत का गोल्डन निशाना: सुरुचि-कमलजीत ने जीता सोना, एशियन रिकॉर्ड भी तोड़ा
साजन प्रकाश सातवें स्थान पर
पुरुष 200 मीटर बटरफ्लाई के फाइनल में भारतीय तैराक साजन प्रकाश सातवें स्थान पर रहे। उन्होंने 1:58.42 का समय दर्ज किया। इस स्पर्धा में चीनी ताइपे के कुआन हुंग वांग ने स्वर्ण, चीन के फांग जू ने रजत और दक्षिण कोरिया के मिनसेओप किम ने कांस्य पदक जीता।
क्रिकेट में नेपाल ने ग्रुप-ए के मुकाबले में अफगानिस्तान को पांच विकेट से हराकर उलटफेर किया। अफगानिस्तान के 102 रन के लक्ष्य को नेपाल ने 17.2 ओवर में हासिल कर लिया।

