भोपाल: राजधानी भोपाल के अवधपुरी स्थित न्यू श्रीराम परिसर फेस-3 में रिटायर्ड माइनिंग अधिकारी पर दिनदहाड़े हुए हमले की जांच में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, बुजुर्ग पर हमले की साजिश घर में काम करने वाली केयरटेकर समीक्षा ने रची थी। उसने अपने सिवनी मालवा निवासी प्रेमी और उसके दोस्त को बुजुर्ग के घर भेजा था। दोनों ने हमला किया और बुजुर्ग को मृत समझकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने केयरटेकर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके प्रेमी और साथी की तलाश जारी है।
शोर सुनकर पड़ोसी पहुंचे तो हथौड़े से किया वार
पुलिस के अनुसार, न्यू श्रीराम परिसर निवासी मोहन चौधरी (71) पन्ना डायमंड प्रोजेक्ट से सेवानिवृत्त अधिकारी हैं। वह पत्नी कमला और बेटे आनंद के साथ रहते हैं। कमला के कूल्हे का ऑपरेशन होने के बाद वह चलने-फिरने में असमर्थ हैं। उनकी देखभाल के लिए परिवार ने 7 सितंबर से समीक्षा को केयरटेकर रखा था।
शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे आनंद कॉलेज चला गया था। करीब 11 बजे समीक्षा ग्राउंड फ्लोर पर कमला को नहलाने गई। इसी दौरान दो नकाबपोश बदमाश घर में दाखिल हो गए। पहली मंजिल पर मौजूद मोहन चौधरी का दोनों से सामना हो गया। पुलिस के मुताबिक, उनके बीच हाथापाई होने लगी।
मोहन के शोर मचाने पर आसपास के लोग घर की ओर आने लगे। पड़ोसियों को आता देख दोनों आरोपी भागने लगे। इसी दौरान एक आरोपी ने मोहन चौधरी के सिर पर हथौड़े से वार कर दिया। सिर से खून निकलने के बाद वह बेहोश होकर गिर पड़े। दोनों आरोपी उन्हें मृत समझकर बाइक से फरार हो गए।
लूट की आशंका से शुरू हुई जांच
घटना की सूचना मिलते ही पड़ोसी मौके पर पहुंचे और घायल मोहन चौधरी को अस्पताल पहुंचाया। अवधपुरी पुलिस भी मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में पुलिस को मामला घर में घुसकर लूट की कोशिश का लगा, लेकिन तलाशी के दौरान लूट की पुष्टि नहीं हुई।
इसके बाद पुलिस ने घर में काम करने वाली समीक्षा से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान उसकी भूमिका संदिग्ध मिली। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में समीक्षा ने अपने प्रेमी और उसके दोस्त के साथ मिलकर हमले की साजिश रचने की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। दोनों अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ें: बैतूल के दिव्यांग तैराक रामबरन ने पार किया इंग्लिश चैनल, 21 घंटे में लहराया तिरंगा
घटना से रहवासियों में नाराजगी
रिहायशी इलाके में दिनदहाड़े बुजुर्ग पर हमले की घटना से न्यू श्रीराम परिसर और आसपास की कॉलोनियों के रहवासियों में आक्रोश है। रहवासियों का आरोप है कि क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से चोरी की घटनाएं हो रही हैं। उनका कहना है कि शिकायतों के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से बदमाशों के हौसले बढ़े हैं। लोगों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।

