देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी में 11वां देहरादून इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल 2 से 4 अक्टूबर तक आयोजित होगा। राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी मल्टीप्लेक्स में मुख्य आयोजन होगा, जबकि 3 अक्टूबर को तुलाज यूनिवर्सिटी में भी फेस्टिवल से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। खास बात यह है कि इस बार बॉलीवुड और टीवी जगत के कई चर्चित कलाकार देहरादून पहुंचेंगे। दर्शकों के लिए प्रवेश निशुल्क रहेगा।
बॉलीवुड और टीवी के कलाकार होंगे शामिल
फेस्टिवल डायरेक्टर राजेश शर्मा के मुताबिक, तीन दिवसीय आयोजन में देश-विदेश की फिल्मों की स्क्रीनिंग होगी। अभिनेत्री श्वेता त्रिपाठी, अभिनेता राजेश तैलंग, दीपक पराशर, मुकेश ऋषि और हेमंत पांडे समेत कई कलाकार फेस्टिवल में शामिल होंगे। टीवी कलाकार गौरी प्रधान तेजवानी और हितेन तेजवानी के भी कार्यक्रम में पहुंचने की जानकारी है।
फिल्मों की स्क्रीनिंग के साथ कलाकारों से बातचीत और टॉक शो भी होंगे। आयोजकों के मुताबिक, कार्यक्रम सुबह करीब 10 बजे से रात 10 बजे तक चलेंगे।
600 फिल्मों में से 55 का चयन
इस बार फिल्म फेस्टिवल के लिए करीब 600 फिल्मों की एंट्री मिली थी। इनमें से जूरी ने करीब 55 फिल्मों का चयन किया है। चयनित फिल्मों में उत्तराखंड में बनी और शूट की गई फिल्में भी शामिल हैं। स्थानीय निर्माता और निर्देशकों से जुड़ी फिल्मों की भी स्क्रीनिंग होगी।
उत्तराखंड की प्रतिभाओं को मिलेगा मंच
फेस्टिवल में स्थानीय कलाकारों को मंच देने के लिए ‘उत्तराखंड टैलेंट हंट’ आयोजित किया जाएगा। इसमें 6 से 40 साल तक के प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे। संगीत, नृत्य, अभिनय और मिमिक्री समेत कई विधाओं में प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा।
आयोजकों के मुताबिक, इसका उद्देश्य उन स्थानीय कलाकारों को अवसर देना है, जिन्हें अभी बड़े मंच पर पहचान बनाने का मौका नहीं मिला है।
यह भी पढ़ें: 20 साल से काम, मानदेय 2-4 हजार; भोपाल में कर्मचारी करेंगे प्रदर्शन
दृष्टिबाधित दर्शकों के लिए विशेष स्क्रीनिंग
फेस्टिवल की शुरुआत दृष्टिबाधित दर्शकों के लिए विशेष स्क्रीनिंग से होगी। शुक्रवार सुबह 10 बजे ‘जॉली एलएलबी 3’ की विशेष डब्ड स्क्रीनिंग रखी गई है। आयोजकों के अनुसार, फिल्म को दृष्टिबाधित दर्शकों के लिए विशेष रूप से डब किया गया है।
सिल्वर सिटी मल्टीप्लेक्स और तुलाज यूनिवर्सिटी में होने वाले कार्यक्रमों में दर्शक फिल्मों की स्क्रीनिंग के साथ कलाकारों से संवाद और अन्य गतिविधियों में भी शामिल हो सकेंगे। प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रहेगा।

