रीवा: जिले के महसांव गांव में कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी एक तहसीलदर पर भड़क उठे। कलेक्टर ने परेशान महिला के आंसू देखकर तुरंत तहसीलदार अरुण कुमार को फोन लगाया।कलेक्टर ने तहसीलदार से सख्त लहजे में कहा कि ज्यादा उड़ रहे हो अभी जमीन में उतार दूंगा।
दरअसल रीवा के महसांव में रविवार को कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ग्रामीणों की समस्याएं सुनने पहुंचे थे। इसी दौरान एक महिला जमीन की परेशानी लेकर उनके सामने आई। अपनी बात रखते हुए वह भावुक हो गई और रोने लगी।
आवास मिला, जमीन में अटका
महिला ने बताया कि उसे प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिला है। लेकिन जमीन के एक प्रकरण में तहसीलदार ने स्थगन लगा दिया है।
स्थगन का मतलब है कि मामले में आगे की कार्रवाई फिलहाल रोक दी गई है। महिला के अनुसार इसी कारण उसे निर्माण में परेशानी हो रही है।
महिला का कहना है कि वह लगातार तहसील कार्यालय के चक्कर काट रही है। उसने रामजी, भारतलाल और कमलेश के नाम से चल रहे प्रकरण का जिक्र भी किया। आवास मिलने के बावजूद काम आगे नहीं बढ़ने की बात कहते हुए वह रो पड़ी।
ये भी पढ़ें: 40 गांवों की खराब सड़क, वोटिंग बहिष्कार का ऐलान
कलेक्टर ने मौके से लगाया फोन
महिला की बात सुनकर कलेक्टर ने मौके से ही गुढ़ तहसीलदार अरुण कुमार यादव को फोन किया। उन्होंने प्रकरण की स्थिति पूछी। साथ ही स्थगन लगाए जाने की वजह भी जानी।
बातचीत के दौरान कलेक्टर तहसीलदार के रवैये पर नाराज दिखे। फटकार लगाते हुए उन्होंने कहा, ज्यादा उड़ रहे हो, अभी जमीन में उतार दूंगा। इसके अलावा कलेक्टर ने यह भी कहा, शर्म करो, तुम्हारे नाम से लोग रो रहे हैं।
इसके बाद उन्होंने प्रकरण की जानकारी लेकर महिला की समस्या सुलझाने को कहा। कलेक्टर ने मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।

