मॉस्को: रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध में हवाई हमलों का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। यूक्रेन ने रूस के भीतर लंबी दूरी के ड्रोन हमले तेज कर दिए हैं। रूस के रक्षा मंत्रालय ने सोमवार को दावा किया कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने यूक्रेन के 1,336 ड्रोन मार गिराए हैं। इसे रूस पर यूक्रेन का अब तक का सबसे बड़ा हवाई हमला बताया जा रहा है। इन हमलों में रूस के तेल ठिकानों, सैन्य प्रतिष्ठानों और हथियार निर्माण से जुड़े केंद्रों को निशाना बनाया जा रहा है।
यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब रूस के यूक्रेन पर पूर्ण पैमाने पर सैन्य हमला शुरू करने के करीब पांच साल पूरे होने वाले हैं। दोनों देशों के बीच युद्ध रोकने के लिए अमेरिका की मध्यस्थता में बातचीत भी चल रही है, लेकिन इसका जमीन पर जारी संघर्ष पर खास असर दिखाई नहीं दे रहा है।
रूस के भीतर तक हमले कर रहा यूक्रेन
यूक्रेन ने हाल के महीनों में रूस के भीतर लंबी दूरी के ड्रोन हमलों की संख्या बढ़ाई है। रूस के अलावा क्रीमिया, काला सागर और आजोव सागर के आसपास के क्षेत्रों को भी निशाना बनाया जा रहा है। रूस ने 2014 में क्रीमिया पर कब्जा कर उसे अपने क्षेत्र में मिला लिया था, जिसे यूक्रेन और अंतरराष्ट्रीय समुदाय का बड़ा हिस्सा अवैध मानता है।
रिपोर्टों के मुताबिक, हाल के कुछ हमलों में एक हजार से अधिक ड्रोन का इस्तेमाल किया गया है। यूक्रेन का उद्देश्य रूस के सैन्य संसाधनों और युद्ध से जुड़े बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचाना है।
55 फीसदी तेल रिफाइनिंग क्षमता ठप होने का दावा
यूक्रेन की रणनीति में रूस की तेल रिफाइनरियां भी प्रमुख निशाने पर हैं। ये रिफाइनरियां रूसी अर्थव्यवस्था और ऊर्जा क्षेत्र के लिए बेहद अहम हैं। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने रविवार देर रात दावा किया कि यूक्रेनी हमलों के कारण रूस की 55 फीसदी से अधिक तेल रिफाइनिंग क्षमता ठप हो गई है।
हालांकि, रूस के अधिकारियों ने इस दावे पर कोई टिप्पणी नहीं की है और इसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि भी नहीं हो सकी है। यूक्रेन का मानना है कि तेल उत्पादन और प्रसंस्करण से जुड़े ठिकानों को नुकसान पहुंचाकर रूस की युद्ध लड़ने की आर्थिक क्षमता कमजोर की जा सकती है।
सैन्य सप्लाई और हथियार कारखाने भी निशाने पर
यूक्रेनी सेना का कहना है कि उसके हमलों का लक्ष्य केवल तेल ठिकाने नहीं हैं। रूस के हथियार निर्माण कारखानों, ड्रोन और मिसाइल हमले करने वाले केंद्रों को भी निशाना बनाया जा रहा है। इसके अलावा, रूसी सेना तक हथियार और अन्य सैन्य सामान पहुंचाने वाले परिवहन मार्गों को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है।
यूक्रेन के अधिकारी चाहते हैं कि युद्ध का असर रूस के भीतर भी महसूस हो। उनका मानना है कि मध्यम दूरी के हमलों से रूसी सेना की आपूर्ति व्यवस्था बाधित होगी और युद्ध के मोर्चे पर उसकी बढ़त हासिल करने की कोशिशों को झटका लगेगा।
रूस की ओर से यूक्रेन के ऊर्जा ढांचे पर हमले
दूसरी ओर, रूस भी यूक्रेन के शहरों और रिहायशी इलाकों पर लगातार हमले कर रहा है। रूसी हमलों में बिजली आपूर्ति से जुड़े बुनियादी ढांचे को खास तौर पर निशाना बनाया जा रहा है। इससे यूक्रेन में आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है। बिजली व्यवस्था बाधित होने से नागरिकों के सामने कई तरह की मुश्किलें खड़ी हो रही हैं।
यूक्रेन का आरोप है कि रूस आम लोगों पर दबाव बनाने और उनका मनोबल तोड़ने के लिए बुनियादी सुविधाओं को निशाना बना रहा है।
ये भी पढ़ें: मंडई से लौट रहे युवकों की मोटरसाइकिल हुई अनियंत्रित, दो की मौत, एक घायल
स्टारलिंक पर पाबंदियों से यूक्रेन की चिंता
यूक्रेन के अधिकारियों ने अमेरिका में विकसित स्टारशील्ड सिस्टम पर हाल में लगाई गई गति संबंधी पाबंदियों को लेकर भी चिंता जताई है। स्टारशील्ड, स्पेसएक्स की स्टारलिंक उपग्रह इंटरनेट सेवा का सैन्य इस्तेमाल वाला संस्करण है। यूक्रेन का कहना है कि इन प्रतिबंधों से उसकी सैन्य संचार और हवाई सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।

