मुबंई: कॉमेडियन समय रैना के शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ सीजन 2 में अदनान सामी को लेकर किया गया एक मजाक चर्चा में आ गया है। शो में आयुष्मान खुराना अपनी आने वाली फिल्म ‘उड़ता तीर’ के प्रमोशन के लिए पहुंचे थे। बातचीत के दौरान फिल्म की कहानी सुनकर पैनलिस्ट ने अदनान सामी का नाम लिया, जिस पर अब सिंगर ने भी मजेदार जवाब दिया है।
फिल्म की कहानी सुनते ही आया अदनान सामी का नाम
आयुष्मान खुराना ने शो में अपनी फिल्म की कहानी बताते हुए कहा कि इसमें वह एक पाकिस्तानी जासूस का किरदार निभा रहे हैं, जो भारत आने के बाद अपनी याददाश्त खो देता है। उसे अपनी देशभक्ति तो याद रहती है, लेकिन वह यह भूल जाता है कि वह किस देश का है।
आयुष्मान की बात सुनते ही पैनल में मौजूद आदित्य कुलश्रेष्ठ उर्फ कुल्लू ने मजाक करते हुए कहा, ‘वो अदनान सामी है।’ यह सुनते ही शो में मौजूद लोग हंसने लगे।
अदनान सामी ने दिया मजेदार जवाब
शो की यह क्लिप सोशल मीडिया पर शेयर होने के बाद अदनान सामी तक भी पहुंची। उन्होंने नाराज होने के बजाय मजाकिया अंदाज में इसका जवाब दिया। अदनान ने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, ‘पहले मुझसे राइट्स लो और फिर फिल्म बनाओ।’
उनका यह जवाब भी सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गया। बता दें कि अदनान सामी का जन्म पाकिस्तान में हुआ था और साल 2016 में उन्हें भारतीय नागरिकता मिली थी।
यह भी पढ़ें: अक्टूबर से बदल जाएंगे जेब से जुड़े 3 बड़े नियम, LPG सब्सिडी रुकेगी, FD पर नया सिस्टम और PUC नहीं तो 10 हजार का झटका

