भोपाल। उज्जैन में शाही मस्जिद को लेकर हुए विवाद और तनाव के बाद राजधानी भोपाल में पुलिस-प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। शहर के संवेदनशील और अति संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सभी थाना क्षेत्रों को अलर्ट मोड पर रखते हुए अधिकारियों को कानून-व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
उज्जैन में शाही मस्जिद के एक हिस्से को सड़क चौड़ीकरण के लिए हटाए जाने को लेकर सोमवार को विरोध और पुलिस के बीच तनाव की स्थिति बनी थी। पथराव के बाद पुलिस ने आंसू गैस का इस्तेमाल किया और इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।
भोपाल के एडिशनल पुलिस कमिश्नर शैलेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि उज्जैन की घटना के बाद राजधानी में सभी थाना क्षेत्रों को अलर्ट पर रखा गया है। पुलिस संवेदनशील स्थानों के साथ धार्मिक स्थलों, प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में भी लगातार निगरानी कर रही है।
सोशल मीडिया पर पुलिस की पैनी नजर
भोपाल पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम भी सक्रिय कर दी गई है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित होने वाले भड़काऊ, आपत्तिजनक और अफवाह फैलाने वाले संदेशों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि किसी भी तरह की भ्रामक या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली सामग्री सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अपुष्ट सूचना या भड़काऊ पोस्ट को आगे साझा न करें। सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी सूचना की सत्यता की पुष्टि किए बिना उसे आगे बढ़ाने से बचने और संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।
सभी जोन में अलर्ट, संगठनों से समन्वय की अपील
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक भोपाल के सभी जोन में सतर्कता के निर्देश जारी किए गए हैं। संवेदनशील और अति संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई है। अधिकारियों ने सामाजिक और धार्मिक संगठनों से भी पुलिस-प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने की अपील की है।
एडिशनल पुलिस कमिश्नर शैलेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि किसी भी तरह की अफवाह या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दी जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। पुलिस का जोर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अफवाहों को फैलने से रोकने पर है।

