भोपाल: रिटायर्ड IAS अधिकारी राकेश अग्रवाल की हत्या की जांच में पुलिस को कई अहम सुराग मिले हैं। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद घर की रसोई में LPG सिलेंडर की पाइप डिस्कनेक्ट मिली, जिससे पूरे घर में गैस भर गई थी। पुलिस को आशंका है कि हत्या के बाद सबूत मिटाने या घर में आग लगाने की कोशिश की गई हो सकती है।
जांच के दौरान पुलिस को घर के अंदर अलमारियों के ताले भी टूटे मिले। इसके बाद पुलिस लूट के एंगल से भी मामले की जांच कर रही है। हालांकि, अग्रवाल की पत्नी ने पुलिस को बताया कि घर में कोई कीमती जेवर नहीं रखे थे।
हत्या के बाद से केयरटेकर लापता
पुलिस की जांच का फोकस राकेश अग्रवाल के केयरटेकर वरुण कुमार पर भी है। घटना के बाद से वह लापता है। पुलिस के मुताबिक, घर से उसका सामान भी नहीं मिला है। वरुण को 28 सितंबर को पंजाब की एक एजेंसी के जरिए काम पर रखा गया था।
पुलिस वरुण की तलाश कर रही है और उसके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। जांच अधिकारियों का कहना है कि उसकी भूमिका और घटना के समय उसकी मौजूदगी की जानकारी मिलने के बाद वारदात की पूरी कड़ी स्पष्ट हो सकती है।
कमरे में मृत मिले थे राकेश अग्रवाल
राकेश अग्रवाल भोपाल के सूरज नगर स्थित घर में पत्नी के साथ रहते थे। बुधवार सुबह वह अपने कमरे में मृत मिले। पुलिस के मुताबिक, उनके गले पर धारदार हथियार से चोट के निशान थे।
घटना का पता उस समय चला, जब उनकी पत्नी सुबह करीब 5:30 बजे उठीं और मॉर्निंग वॉक पर जाने की तैयारी कर रही थीं। उन्होंने देखा कि घर का मुख्य दरवाजा बाहर से बंद था। इसके बाद उन्होंने एक अन्य घरेलू कर्मचारी राजन थापा से मदद मांगी।
बाद में कमरे में जाकर देखा तो राकेश अग्रवाल फर्श पर मृत पड़े थे। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
यह भी पढ़ें: MP में 8 पुलिस अधिकारियों के तबादले, उज्जैन-जबलपुर समेत कई जिलों में नई जिम्मेदारी
हत्या के बाद आग लगाने की कोशिश का शक
पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या हत्या के बाद घर में आग लगाने की कोशिश की गई थी। रसोई में गैस की पाइप अलग मिली और घर में गैस भरी हुई थी। साथ ही अलमारियों के टूटे ताले लूट की आशंका की ओर भी इशारा कर रहे हैं।
पुलिस घटनास्थल से मिले सबूतों को जुटाकर हत्या से पहले और बाद की घटनाओं की कड़ी जोड़ने में लगी है। फिलहाल केयरटेकर वरुण कुमार की तलाश जारी है।
मामले को लेकर मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर सवाल उठाए हैं।

