उज्जैन:महाकाल के भक्तों के लिए बड़ी खुशखबरी है। अब बाबा महाकाल के दर्शन करने आने वाला हर श्रद्धालु मंदिर से निःशुल्क प्रसाद लेकर जाएगा।
विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में यह पहली बार होने जा रहा है। मंदिर प्रबंध समिति ने हर आम श्रद्धालु को मुफ्त प्रसाद देने का फैसला किया है। इस नई व्यवस्था की शुरुआत शुक्रवार से होगी।
मंदिर समिति की उप प्रशासक सिम्मी यादव के मुताबिक, श्रद्धालुओं की सुविधा और सेवा के लिए लगातार नए प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में अब यह तय किया गया है कि बाबा महाकाल के दर्शन के बाद कोई भी श्रद्धालु बिना प्रसाद के वापस न लौटे।
दो प्रमुख एग्जिट गेट पर प्रसाद वितरण के काउंटर बनाए
इसके लिए मंदिर से बाहर निकलने वाले श्रद्धालुओं के लिए दो प्रमुख एग्जिट गेट पर प्रसाद वितरण के काउंटर बनाए गए हैं।
यहां श्रद्धालुओं को पैकेट में चने, चिरौंजी और रेवड़ी का सूखा प्रसाद दिया जाएगा। पैकेट में प्रसाद होने की वजह से श्रद्धालु इसे आसानी से अपने साथ घर भी ले जा सकेंगे।
ये भी पढ़ें: लवलीना बोरगोहेन का एशियन गेम्स में गोल्डन पंच: भारत 12 गोल्ड के साथ छठे स्थान पर
बाबा महाकाल की पहली पूजा के बाद शुरू होगा प्रसाद वितरण
खास बात यह है कि प्रसाद का वितरण बाबा महाकाल की पहली पूजा के बाद शुरू होगा। सबसे पहले बाबा महाकाल को विधि-विधान से नैवेद्य और भोग लगाया जाएगा, इसके बाद उसी प्रसाद को श्रद्धालुओं में वितरित किया जाएगा।
यानी अब महाकाल के दर्शन के साथ-साथ हर भक्त को बाबा महाकाल का प्रसाद भी मुफ्त में मिलेगा।
मंदिर समिति के इस फैसले से देश-विदेश से उज्जैन आने वाले श्रद्धालुओं में खुशी है।

