लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। सुभासपा विधायक अब्बास अंसारी ने 1 अक्टूबर को समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव से लखनऊ में मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच करीब एक घंटे से ज्यादा समय तक बातचीत हुई। हालांकि इस मुलाकात में किन मुद्दों पर चर्चा हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
अब्बास अंसारी की इस मुलाकात के बाद सुभासपा के अंदर संभावित राजनीतिक बदलाव को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। इसकी एक बड़ी वजह 16 अक्टूबर को होने वाला राज्यसभा चुनाव भी है।
सुभासपा के चार विधायकों पर नजर
उत्तर प्रदेश विधानसभा में सुभासपा के छह विधायक हैं। इनमें ओम प्रकाश राजभर, अब्बास अंसारी, हंसु राम, दूधराम, बेदीराम और जगदीश नारायण शामिल हैं।
सियासी गलियारों में अब्बास अंसारी के अलावा हंसु राम, दूधराम और जगदीश नारायण को लेकर भी सपा के संपर्क या उसके करीब होने के दावे किए जा रहे हैं। हालांकि चारों विधायकों ने सुभासपा छोड़ने या सपा में शामिल होने की कोई औपचारिक घोषणा नहीं की है।
इसलिए फिलहाल इसे पार्टी में टूट के बजाय राज्यसभा चुनाव से पहले चल रही सियासी खींचतान के तौर पर देखा जा रहा है।
एक-एक वोट क्यों हुआ अहम?
उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव होना है। विधानसभा की मौजूदा संख्या के हिसाब से एक उम्मीदवार को जीत के लिए 37 प्रथम वरीयता वोट की जरूरत है।
सपा के पास अपने 101 विधायक हैं। कांग्रेस के दो विधायकों का समर्थन जोड़ने के बाद भी तीसरे राज्यसभा उम्मीदवार को जिताने के लिए उसे अतिरिक्त वोटों की जरूरत होगी। इसी वजह से सुभासपा और दूसरे दलों के विधायकों की भूमिका चर्चा में आ गई है।
अखिलेश यादव ने भी कहा है कि कुछ लोग वापस आना चाहते हैं और कई लोग मौजूदा स्थिति से नाराज हैं। हालांकि उन्होंने अब्बास अंसारी या किसी दूसरे विधायक के सपा में शामिल होने की पुष्टि नहीं की।
यह भी पढ़ें : पुतिन की NATO देशों को परमाणु हमले की धमकी: बोले- कलिनिनग्राद पर हमला हुआ तो सभी हथियार तैयार
RLD के विधायकों को लेकर भी चर्चा
सिर्फ सुभासपा ही नहीं, RLD के दो मुस्लिम विधायकों को लेकर भी क्रॉस वोटिंग की अटकलें हैं। सपा के कुछ नेताओं ने उम्मीद जताई है कि दूसरे दलों के कुछ विधायक राज्यसभा चुनाव में उनके उम्मीदवार का समर्थन कर सकते हैं।
दूसरी तरफ NDA भी अपने विधायकों और सहयोगी दलों के वोटों को लेकर रणनीति बना रहा है। ऐसे में राज्यसभा की आखिरी सीट का मुकाबला दिलचस्प हो सकता है।

