Saturday, November 7, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsत्योहारों पर यात्रियों को बड़ी राहत: रानी कमलापति से गया, रीवा और...

त्योहारों पर यात्रियों को बड़ी राहत: रानी कमलापति से गया, रीवा और दानापुर के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेनें

भोपाल। त्योहारी सीजन में ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पूजा के दौरान अतिरिक्त यात्री दबाव को देखते हुए रानी कमलापति स्टेशन से गया, रीवा और दानापुर के लिए तीन जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। ये ट्रेनें अक्टूबर और नवंबर में अलग-अलग तारीखों पर संचालित होंगी। इनमें रानी कमलापति-दानापुर स्पेशल के सबसे ज्यादा फेरे होंगे।

रानी कमलापति-दानापुर स्पेशल के 11-11 फेरे

गाड़ी संख्या 01667 रानी कमलापति-दानापुर स्पेशल प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को 12 अक्टूबर से 16 नवंबर तक चलेगी। यह ट्रेन रानी कमलापति स्टेशन से दोपहर 2:25 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 9:15 बजे दानापुर पहुंचेगी। इस दिशा में ट्रेन के कुल 11 फेरे निर्धारित हैं।

वापसी में गाड़ी संख्या 01668 दानापुर-रानी कमलापति स्पेशल प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को 13 अक्टूबर से 17 नवंबर तक चलेगी। दानापुर से यह ट्रेन सुबह 11:20 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 10:50 बजे रानी कमलापति पहुंचेगी। वापसी दिशा में भी 11 फेरे होंगे।

इस ट्रेन में कुल 24 कोच रहेंगे। इनमें वातानुकूलित, शयनयान और सामान्य श्रेणी के कोच शामिल होंगे।

रीवा के लिए चार-चार फेरे

रानी कमलापति-रीवा साप्ताहिक सुपरफास्ट पूजा स्पेशल के दोनों दिशाओं में चार-चार फेरे निर्धारित किए गए हैं। रानी कमलापति से रीवा के लिए ट्रेन 17 और 24 अक्टूबर तथा 7 और 14 नवंबर को चलेगी। यह रात 10:15 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 7:20 बजे रीवा पहुंचेगी।

वापसी में रीवा से ट्रेन 18 और 25 अक्टूबर तथा 8 और 15 नवंबर को दोपहर 12:30 बजे रवाना होगी और रात 9:15 बजे रानी कमलापति पहुंचेगी।

ट्रेन में 22 कोच होंगे। रास्ते में विदिशा, बीना, सागर, दमोह, कटनी मुड़वारा, मैहर और सतना स्टेशनों पर ठहराव रहेगा।

गया के लिए पितृपक्ष स्पेशल

रानी कमलापति-गया पितृपक्ष स्पेशल का अगला फेरा 7 अक्टूबर को निर्धारित है। यह ट्रेन रानी कमलापति से दोपहर 3:20 बजे रवाना होकर अगले दिन दोपहर 2:30 बजे गया पहुंचेगी।

रास्ते में ट्रेन नर्मदापुरम, इटारसी, पिपरिया, नरसिंहपुर, जबलपुर, कटनी, मैहर, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, मिर्जापुर और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन सहित कई स्टेशनों पर रुकेगी।

वापसी में गया-रानी कमलापति स्पेशल के 5 और 10 अक्टूबर को फेरे निर्धारित हैं। गया से ट्रेन दोपहर 3:30 बजे रवाना होकर अगले दिन शाम 4:15 बजे रानी कमलापति पहुंचेगी।

त्योहारों में बढ़े यात्री दबाव को संभालने की तैयारी

रेलवे के अनुसार इन स्पेशल ट्रेनों का उद्देश्य त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली यात्री मांग को पूरा करना और नियमित ट्रेनों पर दबाव कम करना है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन की परिचालन तिथि, समय और ठहराव की जानकारी एनटीईएस, रेलवन ऐप या 139 के माध्यम से जरूर जांच लें।

 

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

1 to 7 November 2026
25 to 31 October 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन