छतरपुर: जिले के महाराजपुर थाना क्षेत्र में 9 और 10 साल की दो सहेलियों के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। सावरी माता मंदिर में दर्शन करने गई मासूमों के साथ 60 वर्षीय बुजुर्ग ने अश्लील हरकतें कीं। घटना का पता चलते ही परिजन और स्थानीय महिलाओं ने आरोपी को मौके पर ही पकड़ कर चप्पल व लाठी-डंडों से जमकर सबक सिखाया।
बच्चियों ने बताया- फ्रॉक की चेन खोलने का प्रयास
पीड़ित बच्चियों ने बताया कि वे शनिवार सुबह करीब 9 बजे सावरी माता मंदिर दर्शन करने गई थीं। आरोप है कि वहां मौजूद नंदकिशोर सोनी ने उन्हें प्रसाद के रूप में टॉफी दी और पास बिठा लिया। इसके बाद उसने मासूमों के साथ गलत हरकतें शुरू कर दीं। आरोपी ने एक बच्ची के फ्रॉक की चेन खोलने का प्रयास भी किया, जिससे घबराकर दोनों बच्चियां अपने घर भाग गईं और परिजन को पूरी बात बताई।
परिजन ने घेरा तो हाथ जोड़ने लगा आरोपी, महिलाओं ने की पिटाई
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण गड़िया मोहल्ला पहुंचे, जहां आरोपी छिपा हुआ था। बच्चियों के पहचान करने के बाद वहां मौजूद महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। महिलाओं ने आरोपी नंदकिशोर सोनी को चप्पलों से पीटना शुरू कर दिया। पिटाई के दौरान आरोपी रोते हुए हाथ जोड़कर माफी मांगने लगा। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
यह भी पढ़ें: राम मंदिर चंदे पर दिग्विजय के आरोप, BJP-RSS पर साधा निशाना; अयोध्या तक 1000 KM पदयात्रा का ऐलान
पुलिस ने पॉक्सो और SC/ST एक्ट के तहत दर्ज किया मामला
मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी नंदकिशोर सोनी को हिरासत में ले लिया। महिला थाने में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), पॉक्सो (POCSO) एक्ट और एससी/एसटी (SC/ST) एक्ट की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस फिलहाल घटना से जुड़े सभी साक्ष्यों की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

