पेरिस। ब्रिटिश साहित्यकार एम. जॉन हैरिसन ने 81 साल की उम्र में बुकर पुरस्कार 2026 जीतकर साहित्य जगत में नया इतिहास रच दिया है। उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान अपने उपन्यास ‘द एंड ऑफ एवरीथिंग’ के लिए मिला है। खास बात यह है कि 198 पन्नों का यह उपन्यास पुरस्कार की अंतिम सूची में शामिल छह पुस्तकों में सबसे छोटा था। करीब छह दशक से साहित्य की दुनिया में सक्रिय हैरिसन अब बुकर पुरस्कार जीतने वाले सबसे उम्रदराज लेखक बन गए हैं।
लंदन में सोमवार रात आयोजित समारोह में उन्हें पुरस्कार प्रदान किया गया। हैरिसन की इस उपलब्धि को उनके लंबे साहित्यिक सफर की बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुरस्कार मिलने पर उन्होंने कहा कि अब उन्हें महसूस हो रहा है कि वह वास्तव में एक लेखक बन पाए हैं। हालांकि, उनके भीतर अब भी आत्मविश्वास की कमी है। उन्होंने कहा कि आज जब बड़ी संख्या में उपन्यास लिखे जा रहे हैं, ऐसे में साहित्यिक पुरस्कार लेखकों के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं।
क्या है ‘द एंड ऑफ एवरीथिंग’ की कहानी?
हैरिसन का उपन्यास भविष्य की एक ऐसी दुनिया की कल्पना करता है, जो रहस्यमयी तबाही के बाद पूरी तरह बदल चुकी है। इसकी कहानी इंग्लैंड के दक्षिणी तट पर रहने वाले फिलिप टेनेन्ट और उनकी बुजुर्ग चाची मार्नी के इर्द-गिर्द घूमती है। आपदा के बाद दुनिया में ‘आईघेटी’ नाम के लोगों का आक्रमण हो चुका है। उपन्यास में ‘आई’ का संबंध डिजिटल दुनिया से होने का संकेत मिलता है, लेकिन इसका वास्तविक अर्थ स्पष्ट नहीं किया गया है।
कहानी में बदली हुई सामाजिक परिस्थितियों, अनिश्चित भविष्य और मानवीय संवेदनाओं के बीच उम्मीद की तलाश को प्रमुखता दी गई है।
निर्णायकों को क्यों पसंद आई किताब?
बुकर पुरस्कार 2026 की निर्णायक मंडल अध्यक्ष लेखिका मैरी बियर्ड थीं। उन्होंने बताया कि छह पुस्तकों की अंतिम सूची पर लंबी चर्चा के बाद सभी निर्णायकों ने एकमत होकर हैरिसन के उपन्यास को विजेता चुना। उनके मुताबिक, यह किताब पाठक को चौंकाती है, चेहरे पर मुस्कान लाती है और गंभीर विषयों के बावजूद उम्मीद का भाव पैदा करती है।
बुकर की दौड़ में ये लेखक भी थे शामिल
अंतिम सूची में डगलस स्टुअर्ट का ‘जॉन ऑफ जॉन’, मार्लन जेम्स का ‘द डिसअपीयरर्स’, एलिजाबेथ स्ट्राउट का ‘द थिंग्स वी नेवर से’, ल्यूक केनार्ड का ‘ब्लैक बैग’ और रेबेका पेरी का ‘मे वी फीड द किंग’ शामिल थे।
2025 में डेविड स्जाले को मिला था पुरस्कार
वर्ष 2025 का बुकर पुरस्कार हंगरी-ब्रिटिश लेखक डेविड स्जाले को उनके उपन्यास ‘फ्लेश’ के लिए दिया गया था। दिल्ली में जन्मी किरण देसाई भी पिछले साल अंतिम सूची में शामिल थीं। वह 2006 में ‘द इनहेरिटेंस ऑफ लॉस’ के लिए बुकर पुरस्कार जीत चुकी हैं।
हैरिसन की जीत ने एक बार फिर साबित किया है कि साहित्यिक कृतियों की पहचान उनके आकार से नहीं, बल्कि उनकी विषयवस्तु, संवेदना और प्रभाव से होती है। महज 198 पन्नों के उपन्यास ने छह मजबूत दावेदारों को पीछे छोड़कर साहित्य के प्रतिष्ठित सम्मान पर कब्जा जमाया है।

