Tuesday, October 6, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsजनसुनवाई में बदला अंदाज: आवेदकों के बीच पहुंचे कलेक्टर, 97 मामलों में...

जनसुनवाई में बदला अंदाज: आवेदकों के बीच पहुंचे कलेक्टर, 97 मामलों में मौके पर मिली राहत

विदिशा: अपनी समस्या लेकर सरकारी दफ्तर पहुंचने वाले लोगों को मंगलवार की जनसुनवाई में अलग व्यवस्था देखने को मिली। अधिकारियों के सामने बारी आने का इंतजार कर रहे आवेदकों के पास कलेक्टर अंशुल गुप्ता खुद पहुंचे और खड़े होकर उनकी बात सुनी। किसी ने जमीन पर कब्जे की शिकायत की तो किसी ने वर्षों से अटके नामांतरण, किसान सम्मान निधि, पेयजल, बिजली और ऋण से जुड़ी परेशानी बताई। कलेक्टर ने कई मामलों में संबंधित अधिकारियों से तत्काल बात कर कार्रवाई के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में 180 से अधिक आवेदन आए। प्रशासन के अनुसार इनमें से 97 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि बाकी मामलों को संबंधित विभागों को समय-सीमा में कार्रवाई के लिए भेजा गया। जिला पंचायत सीईओ सुरभि तिवारी सहित अन्य अधिकारी भी लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनते नजर आए।

वर्षों से नामांतरण के लिए परेशान बुजुर्ग महिला को राहत

सिरोंज नगर के वार्ड-17 की सावित्री बाई सोनी फौती नामांतरण की समस्या लेकर पहुंची थीं। उन्होंने बताया कि कई वर्षों से प्रयास करने के बाद भी काम नहीं हो पाया। मामला सामने आने पर कलेक्टर ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सिरोंज नगर पालिका के सीएमओ से बात की और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद नामांतरण की प्रक्रिया शुरू कराई गई।

ग्राम घटवार की बुजुर्ग कुसुमबाई ने अपनी जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत की। कलेक्टर ने तहसीलदार को मौके पर जांच करने और नियमानुसार कब्जा हटाने की कार्रवाई के निर्देश दिए।

किसान सम्मान निधि से लेकर डेयरी ऋण तक पहुंचीं शिकायतें

ग्राम घटवार के मुन्नीलाल सिंह ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना की राशि नहीं मिलने की समस्या रखी। कलेक्टर ने अधिकारियों से तकनीकी और दस्तावेज संबंधी कारणों की जांच कर बाधा दूर करने को कहा।

ग्राम बामोरा के हेमराज मीणा ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के तहत डेयरी इकाई के लिए ऋण स्वीकृत नहीं होने की शिकायत की। संबंधित बैंक से समन्वय कर पात्रता के अनुसार प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए गए और आवेदक को एसबीआई भेजा गया।

इसके अलावा ग्राम पारधा के धीरज सिंह ने निवासरत भूमि का पट्टा मांगा। ओसन्हाई के ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त पुलिया के पुनर्निर्माण और हैदरगढ़ के ग्रामीणों ने शासकीय हैंडपंप से अतिक्रमण हटाने की मांग रखी।

यह भी पढ़ें: MP Voter List: फॉर्म-6 से नाम जुड़वाना हुआ आसान, अब अलग घोषणा पत्र नहीं; 7 से 9 अक्टूबर तक कैंप

पानी, बिजली और अतिक्रमण के मामले भी पहुंचे

सांवरिया कॉलोनी के कल्याण सिंह ने बंद नल कनेक्शन दोबारा शुरू कराने की मांग की। ग्राम सुनारी के रमेश कुशवाहा ने स्थायी सिंचाई विद्युत कनेक्शन की लाइन नियमित रूप से चलाने की समस्या बताई। विट्ठल नगर के रहवासियों ने अतिक्रमण हटाने और मूलभूत सुविधाएं बढ़ाने की मांग रखी।

लोहांगी मोहल्ले के आयुष चौधरी ने पिता के निधन के बाद तुलावट लाइसेंस देने के लिए आवेदन किया, जबकि ग्राम हिनोतिया के मिश्रीलाल मालवीय ने भूमि पर अवैध कब्जे और मारपीट की शिकायत रखी।

कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि जनसुनवाई के आवेदन केवल संबंधित विभाग तक भेजने तक सीमित न रहें, बल्कि उनके निराकरण पर लगातार नजर रखी जाए। कार्यक्रम में एसडीएम मनीष जैन, संयुक्त कलेक्टर निकिता तिवारी, दीपा श्री गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

4 October to 10 October 2026
27 SEPTEMBER TO 3 OCTOBER 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन