भोपाल: मध्य प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए राजधानी भोपाल में बुधवार से MP ट्रैवल मार्ट की शुरुआत होगी। चार दिन तक चलने वाले इस आयोजन में देश-विदेश के टूर ऑपरेटर्स शामिल होंगे। बुधवार से शुरू होने वाला MP ट्रैवल मार्ट 10 अक्टूबर तक चलेगा। मार्ट का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे।
34 देशों से 100 विदेशी मेहमान होंगे शामिल
इस आयोजन में अमेरिका, फ्रांस, जापान और इटली समेत करीब 34 देशों से 100 विदेशी मेहमान शामिल होंगे। इनमें विदेशी टूर ऑपरेटर्स और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि शामिल हैं।मार्ट के दौरान विदेशी मेहमानों की घरेलू टूर ऑपरेटर्स के साथ मुलाकात होगी। इस दौरान पर्यटन स्थलों, टूर पैकेज और यात्रियों के अनुभवों को लेकर चर्चा और जानकारी का आदान-प्रदान किया जाएगा।
विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने पर रहेगा फोकस
MP ट्रैवल मार्ट के जरिए मध्य प्रदेश के पर्यटन स्थलों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रमोट करने और विदेशी पर्यटकों को प्रदेश की ओर आकर्षित करने पर फोकस रहेगा।आयोजन में पर्यटन क्षेत्र से जुड़े कारोबारियों और प्रतिनिधियों को आपसी साझेदारी और नए टूर पैकेज तैयार करने का भी अवसर मिलेगा।
5 राज्य के 180 घरेलू टूर ऑपरेटर्स होंगे शामिल
वहीं, 15 राज्य के 180 घरेलू टूर ऑपरेटर्स सहित 600 से अधिक प्रतिनिधि शामिल होंगे। शुभारंभ अवसर पर प्रदेश में 1,100 करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्तावों और अनुबंधों को अंतिम रूप मिलेगा, जबकि सीहोर में 848.40 करोड़ का मेगा निवेश समझौता किया जाएगा।
यह आयोजन राज्य के पर्यटन परिदृश्य का अब तक का सबसे विशाल और रणनीतिक बिजनेस-टू-बिजनेस नेटवर्किंग मंच सिद्ध होने जा रहा है। शुभारंभ कार्यक्रम की अध्यक्षता मंत्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी करेंगे।
ये भी पढ़ें: CM से PM तक 25 साल का सफर: मोदी बोले- ‘मैं एंबीशन नहीं, मिशन के लिए जीने वाला इंसान हूं’
वर्ष 2025 में पर्यटकों के आवागमन में ऐतिहासिक वृद्धि दर्ज
सचिव पर्यटन और प्रबंध संचालक एमपी टूरिज्म बोर्ड डॉ. इलैयाराजा टी. ने बताया, वर्ष 2025 में पर्यटकों के आवागमन में 57 प्रतिशत की ऐतिहासिक वृद्धि दर्ज की गई है।
जिससे प्रदेश में पर्यटकों का कुल आंकड़ा 21.05 करोड़ तक पहुंच गया है। MPTM 2026 का मूल उद्देश्य इसी तीव्र संवृद्धि को वैश्विक निवेश, आधुनिक अधोसंरचना और सतत आजीविका के अवसरों में रूपांतरित करना है।

