भोपाल: मध्यप्रदेश में पुलिस आरक्षक के 7500 पदों पर भर्ती प्रक्रिया के बाद अब आरक्षक (चालक) के 1000 पदों पर सीधी भर्ती का रास्ता साफ हो गया है। मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ईएसबी) ने पुलिस मुख्यालय के प्रस्ताव पर आरक्षक (चालक) सीधी भर्ती परीक्षा-2026 की नियम पुस्तिका जारी कर दी है। भर्ती में केवल पुरुष अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे।
कुल 1000 पदों में एसएएफ के 200 और जिला पुलिस बल के 800 पद शामिल हैं।
15 अक्टूबर से शुरू होंगे आवेदन
ईएसबी के अनुसार ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 15 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी। अभ्यर्थी 29 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। आवेदन में संशोधन की अंतिम तारीख 3 नवंबर निर्धारित की गई है। भर्ती परीक्षा की संभावित शुरुआत 4 जनवरी 2027 से होगी।
परीक्षा दो चरणों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा केंद्र पर बायोमेट्रिक सत्यापन अनिवार्य रहेगा।
आधार सत्यापन जरूरी, पहचान पत्र साथ लाना होगा
परीक्षा में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को प्रवेश-पत्र के साथ फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र लाना होगा। आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड और पासपोर्ट जैसे दस्तावेज मान्य होंगे। अभ्यर्थी का आधार कार्ड UIDAI से सत्यापित होना जरूरी है।
आरक्षण का लाभ लेने के लिए मध्यप्रदेश का मूल निवासी होना अनिवार्य है। दूसरे राज्यों के अभ्यर्थी आरक्षण के पात्र नहीं होंगे।
ये भी पढ़ें:मेरिट में नाम फिर भी नौकरी नहीं: वर्ग-3 शिक्षक अभ्यर्थियों ने किया चक्काजाम
वैध ड्राइविंग लाइसेंस अनिवार्य
आरक्षक (चालक) पद के लिए अभ्यर्थी के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस होना जरूरी है। इसके अलावा भर्ती नियमों के तहत चालक पद से संबंधित पात्रता और शारीरिक दक्षता की शर्तें भी पूरी करनी होंगी।
परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, डिजिटल या स्मार्ट वॉच, लॉग टेबल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पहले पहुंचने और प्रवेश-पत्र में दिए निर्देशों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।

