भोपाल: परीक्षा पास कर मेरिट में जगह बनाने के बावजूद नियुक्ति और जॉइनिंग नहीं मिलने से नाराज प्राथमिक शिक्षक वर्ग-3 के अभ्यर्थियों का आंदोलन बुधवार को उग्र हो गया। सैकड़ों अभ्यर्थियों ने भोपाल के बोर्ड ऑफिस चौराहे पर सड़क पर बैठकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने थालियां बजाकर सरकार से लंबित नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने की मांग की।
अभ्यर्थियों का प्रदर्शन लगातार तीसरे दिन जारी है। दिनभर तेज धूप में सड़क पर बैठने के बाद कई अभ्यर्थियों को रात भी खुले आसमान के नीचे गुजारनी पड़ रही है। प्रदर्शन स्थल पर कुछ अभ्यर्थी अपने बच्चों के साथ भी पहुंचे हैं। उन्होंने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।
भीड़ में युवती का पैर दबा, आईपीएस ने पिलाया जूस
प्रदर्शन के दौरान भीड़ में एक युवती का पैर दब गया। इसी दौरान प्रोबेशनर आईपीएस मिनी शुक्ला मौके के पास जूस लेने पहुंचीं। उन्होंने युवती को जूस पिलाया। अभ्यर्थियों के मुताबिक, तेज गर्मी और भारी भीड़ के कारण प्रदर्शन स्थल पर कई लोगों को परेशानी हुई।
आश्वासन के बाद भी आगे नहीं बढ़ी नियुक्ति
अभ्यर्थियों का कहना है कि नियुक्ति प्रक्रिया लंबे समय से अटकी हुई है। उनके मुताबिक, 16 सितंबर को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह और लोक शिक्षण संचालनालय के आयुक्त अभिषेक सिंह से मुलाकात की थी। प्रतिनिधिमंडल ने लंबित मामलों के निराकरण की मांग रखी थी। उस दौरान जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अभ्यर्थियों का दावा है कि अब तक नियुक्ति प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी।
ये भी पढ़ें: दिल्ली के सीमापुरी में पांच मंजिला इमारत ढही, 25-30 लोगों के दबे होने की आशंका; मचा हड़कंप
इन मांगों को लेकर आंदोलन
अभ्यर्थी 25 अगस्त 2025 से जुड़े लंबित प्रकरणों का निराकरण, मेरिट होल्डर्स की नियुक्ति और जॉइनिंग शुरू करने की मांग कर रहे हैं। इसके अलावा आवेदन क्रमांक 49 में दर्ज प्रावधानों का पालन और लंबित विभागीय व दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी करने की मांग भी की जा रही है।
अभ्यर्थियों का कहना है कि वे तीन दिन से शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे हैं। जब तक नियुक्ति और जॉइनिंग को लेकर ठोस फैसला नहीं होता, उनका आंदोलन जारी रहेगा।

