भोपाल। सिनेमा के दिग्गज कलाकार और महान पार्श्व गायक किशोर कुमार की जन्मस्थली खंडवा एक बार फिर गीत-संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सराबोर होने जा रही है। मध्यप्रदेश संस्कृति विभाग की ओर से 12 और 13 अक्टूबर को पुलिस ग्राउंड में दो दिवसीय राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान अलंकरण समारोह एवं गीत-संगीत संध्या आयोजित की जाएगी।
इस वर्ष सिनेमा और रंगमंच के बहुमुखी अभिनेता रघुवीर यादव को वर्ष 2026 का राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान प्रदान किया जाएगा। मुख्य सम्मान समारोह 13 अक्टूबर की शाम आयोजित होगा। सम्मान के बाद प्रसिद्ध गायक सुदेश भोसले और उनकी टीम गीत-संगीत की प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम शाम 7 बजे शुरू होगा और दर्शकों के लिए प्रवेश नि:शुल्क रहेगा।
12 अक्टूबर को सजेगी ‘ये शाम मस्तानी’
समारोह की शुरुआत एक दिन पहले 12 अक्टूबर को ‘ये शाम मस्तानी’ नामक संगीत संध्या से होगी। इसमें खंडवा के युवा कलाकार सुनील शर्मा, संध्या ग्रेवाल, अंकुश पटेल, रजत लाड़, रोशनी पहलवान और पूजा पुरा गीतों की प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम का संचालन प्रदीप जैन करेंगे।
1997 से दिया जा रहा राष्ट्रीय सम्मान
किशोर कुमार की स्मृति में मध्यप्रदेश सरकार की ओर से यह प्रतिष्ठित सम्मान 1997 से प्रदान किया जा रहा है। अब तक सिनेमा के क्षेत्र में निर्देशन, अभिनय, पटकथा और गीत लेखन में उल्लेखनीय योगदान के लिए 29 विभूतियों को यह सम्मान दिया जा चुका है।
सम्मान के तहत पांच लाख रुपये की करमुक्त राशि और प्रशस्ति पट्टिका प्रदान की जाती है। यह सम्मान सिनेमा के क्षेत्र में दीर्घ साधना, उत्कृष्ट योगदान और उल्लेखनीय उपलब्धियों के आधार पर दिया जाता है।
रंगमंच से सिनेमा और फिर ‘प्रधान जी’ तक का सफर
रघुवीर यादव का अभिनय सफर रंगमंच से शुरू हुआ। 25 जून 1957 को जबलपुर में जन्मे यादव ने नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा, नई दिल्ली से अभिनय का प्रशिक्षण लिया और लंबे समय तक रंगमंच से जुड़े रहे।
फिल्म ‘मैसी साहब’ से उन्होंने बड़े पर्दे पर अपनी पहचान बनाई। फिल्म में उनके अभिनय को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सराहना मिली। इसके बाद ‘सलाम बॉम्बे!’, ‘बैंडिट क्वीन’, ‘दिल से’, ‘लगान’, ‘वॉटर’ और ‘पीपली लाइव’ जैसी फिल्मों में उन्होंने अलग-अलग और यादगार किरदार निभाए।
‘पंचायत’ के प्रधान जी ने बनाई नई पहचान
रघुवीर यादव की खासियत यह रही कि उन्होंने पारंपरिक नायक की छवि के बजाय सहज और चरित्र-केंद्रित अभिनय से अपनी अलग पहचान बनाई। हाल के वर्षों में वेब सीरीज ‘पंचायत’ में ‘प्रधान जी’ के किरदार ने उन्हें नई पीढ़ी के दर्शकों के बीच भी खासा लोकप्रिय बना दिया।
अभिनय के अलावा रघुवीर यादव गायन और संगीत से भी जुड़े रहे हैं। ऐसे में राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान से उनका सम्मानित होना उनके बहुआयामी कला सफर की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
दो दिनों तक चलने वाला यह आयोजन किशोर कुमार की स्मृतियों के साथ-साथ खंडवा की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान को भी राष्ट्रीय स्तर पर सामने लाएगा।

