उज्जैन: धार्मिक नगरी उज्जैन के ग्रामीण अंचल में दीपावली के अगले दिन गोवर्धन पूजा यानी पड़वा पर आस्था का एक अनूठा और रोमांचक नजारा देखने को मिलता है। यहां ग्रामीण अपनी मन्नत पूरी होने और गौ माता का आशीर्वाद पाने की मान्यता के साथ गायों के पैरों के नीचे लेटते हैं। इस परंपरा को गाय गौहरी कहा जाता है।
पीढ़ियों से चली आ रही है परंपरा
उज्जैन की बड़नगर तहसील के भिड़ावद, लोहारिया, रावदीयाकला सहित कई गांवों में यह परंपरा पीढ़ियों से निभाई जा रही है। इसमें शामिल होने वाले मन्नतधारी 5 दिन पहले से ही घर छोड़कर उपवास में रहते हुए मंदिरों में रहने लगते हैं। भजन-कीर्तन और पूजा-अर्चना करते हैं।
5 दिन पहले शुरू होती है तैयारी
भिड़ावद गांव के ग्रामीण राजेश चौधरी बताते हैं कि इस परंपरा में शामिल होने वाले मन्नतधारी दीपावली से 5 दिन पहले यानी ग्यारस तिथि से ही तैयारी शुरू कर देते हैं। वह अपना घर छोड़कर गांव के माता भवानी मंदिर में रहने लगते हैं। यहां 5 दिनों तक उपवास रखते हुए पूजा-पाठ और भजन-कीर्तन करते हैं।
पड़वा के दिन गोवर्धन पूजा कर गायों को रंग-रोगन किया जाता है। गायों के गले में नई घंटियां बांधी जाती हैं, उन्हें नहलाया जाता है और फिर पूजा-अर्चना के साथ मन्नतधारी पेट के बल जमीन पर लेट जाते हैं। इसके बाद दर्जनों गायों को उनके ऊपर से दौड़ाया जाता है।
सूर्योदय के साथ शुरू होता है आयोजन
खास बात यह है कि सूर्योदय के साथ ही यह आयोजन शुरू हो जाता है। श्रद्धालु गायों के पैरों के नीचे लेटते हैं, ढोल-नगाड़े बजते हैं और आसपास के कई गांवों से लोग इस आयोजन को देखने के लिए एकत्रित होते हैं। पूरा माहौल भक्ति और उत्साह से भर जाता है।
यह भी पढ़ें: उज्जैन के तिलकेश्वर महादेव मंदिर में CM डॉ मोहन यादव ने की गोवर्धन पूजा
एक युवक हुआ बेहोश, कुछ देर बाद आया होश
गांव भिड़ावद में हुए आयोजन के दौरान एक मन्नतधारी युवक गायों के नीचे आने के बाद बेहोश हो गया। हालांकि कुछ देर बाद उसे होश आ गया। परंपरा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह आयोजन आस्था और विश्वास से जुड़ा है, लेकिन यह काफी जोखिम भरा भी है। ऐसे में आयोजन के दौरान सुरक्षा और चिकित्सीय व्यवस्था का होना बेहद जरूरी है।

