नई दिल्ली: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी ने जंतर-मंतर पर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन की तैयारियां तेज कर दी हैं। हांलाकि प्रदर्शन के लिए CJP ने दिल्ली पुलिस से अनुमति नहीं ली है। पार्टी की ओर से पुलिस को केवल प्रदर्शन की सूचना दिए जाने की बात कही गई है। इस बीच, CJP नेता अभिजीत दीपके ने कहा है कि सड़क लोगों की है और इसी के जरिए लोकतंत्र वापस लिया जाएगा।
तीनों मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा
एसआईआर प्रक्रिया को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ एक तरफ कांग्रेस के नेतृत्व में विपक्षी दल आंदोलन कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ कॉकरोच जनता पार्टी छात्र संगठनों के साथ जंतर-मंतर पर बड़े विरोध प्रदर्शन की तैयारी कर रही है। CJP का कहना है कि ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे समेत उसकी तीनों मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। पार्टी के नेता अभिजीत दीपके, सौरभ दास और आशुतोष समर्थकों से बड़ी संख्या में 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पहुंचने की अपील कर रहे हैं।
मौजूदा व्यवस्था पर उठाए सवाल
CJP नेता सौरभ दास ने बुधवार को दिल्ली पुलिस को लिखित सूचना देने के बाद कहा कि सरकार के खिलाफ प्रदर्शन की अनुमति सरकार कैसे देगी। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के लिए केवल सूचना दी जानी चाहिए। सौरभ दास ने मौजूदा व्यवस्था को अंग्रेजों के समय की व्यवस्था बताते हुए उस पर सवाल उठाया।
‘सत्ता आपकी हो सकती है, लेकिन सड़क हमारी है’
वहीं, CJP नेता अभिजीत दीपके ने सरकार को चुनौती देते हुए कहा, सत्ता आपकी हो सकती है, लेकिन सड़क हमारी है। और इन्हीं सड़कों से, हम भारत के लोग, हमारे लोकतंत्र को दोबारा हासिल करेंगे। CJP का कहना है कि वह अपनी मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखेगी।

