दिल्ली: सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 33 अधिकारियों के विभागों में बदलाव किया है। इनमें भारतीय प्रशासनिक सेवा यानी IAS कैडर के 22 और DANICS कैडर के 11 अधिकारी शामिल हैं। रूपेश कुमार ठाकुर को स्वास्थ्य सचिव के पद से हटा दिया गया है, जबकि अवनीश कुमार को आबकारी विभाग का प्रभार सौंपा गया है।
प्रशांत गोयल को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की जिम्मेदारी दी
दिल्ली सरकार के प्रशासनिक फेरबदल के तहत 1993 बैच के AGMUT कैडर के वरिष्ठ IAS अधिकारी प्रशांत गोयल को अतिरिक्त मुख्य सचिव (बिजली) नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उन्हें दिल्ली वित्तीय निगम (DFC) और दिल्ली राज्य नागरिक आपूर्ति निगम लिमिटेड (DSCSC) के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (CMD) का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। इसके अलावा प्रशांत गोयल को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की जिम्मेदारी भी दी गई है। इस फेरबदल के तहत उन्हें बिजली विभाग के साथ-साथ वित्तीय निगम, नागरिक आपूर्ति निगम और स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कार्यों की जिम्मेदारी संभालनी होगी।
रूपेश ठाकुर को DUSIB CEO की जिम्मेदारी
2006 बैच के AGMUT कैडर के आईएएस अधिकारी रूपेश कुमार ठाकुर अब केवल दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (DUSIB) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) का प्रभार संभालेंगे। उन्हें स्वास्थ्य विभाग के सचिव पद से हटा दिया गया है। यह बदलाव ऐसे समय में हुआ है, जब भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (ACB) स्वास्थ्य विभाग में दवाओं और चिकित्सा उपकरणों की खरीद में कथित अनियमितताओं की जांच कर रही है।
ये भी पढें:उपचुनाव परिणाम LIVE: चार राज्यों की छह सीटों पर मतगणना शुरू, नंदीग्राम-रेजीनगर पर सबकी नजर
अवनीश कुमार बने नए आबकारी आयुक्त
वहीं, 2014 बैच के आईएएस अधिकारी अवनीश कुमार को दिल्ली का नया आबकारी आयुक्त नियुक्त किया गया है। इससे पहले वह तकनीकी प्रशिक्षण एवं उच्च शिक्षा निदेशक के पद पर कार्यरत थे। आबकारी विभाग की जिम्मेदारी उन्हें ऐसे समय में मिली है, जब दिल्ली सरकार नई आबकारी नीति तैयार करने पर काम कर रही है।

